- बूथों का जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया औचक निरीक्षण
जौनपुर धारा, मड़ियाहूँ। नगर पंचायत चुनाव की सरगर्मी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। तहसील परिसर में नगर पंचायत मड़ियाहूँ व नगर पंचायत रामपुर के अध्यक्ष और सभासदों का पर्चा दाखिला होना है। पर्चा दाखिले की अंतिम तिथि 17 अप्रैल है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था में लगा हुआ है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा और पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा ने संयुक्त रूप से तहसील स्थित नामांकन स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किया तथा तमाम बातों की जानकारी प्राप्त। इस मौके पर उप जिलाधिकारी लाल बहादुर, क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह, नायब तहसीलदार संतोष कुमार सिंह और तमाम अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद रहे।
- विशेष लोक अदालत में तीन मामलों का निस्तारण
जौनपुर धारा, जौनपुर। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/एफटीसी/सचिव, पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रशान्त कुमार ने अवगत कराया है कि उच्च न्यायालय इलाहाबाद व उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर वाणी रंजन अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं कुशल निर्देशन में जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को आर्बिट्रेशन विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। विशेष लोक अदालत में जनपद न्यायालय के सत्र न्यायाधीशगण द्वारा कुल 76 आर्बिट्रेशन निष्पादन वाद नियत किए गए। न्यायालय जनपद एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा कुल 3 मामलों का निस्तारण किया गया।



