Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नज़र में…

खबरें एक नज़र में…

  • बाइक की चपेट में आने से बच्ची घायल, हालत गंभीर

जौनपुर धारा, जौनपुर। शिक्षा क्षेत्र के सरायमोहिउद्दीनपुर स्थित इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय की कक्षा 3 की एक बच्ची बुधवार को छुट्टी के बाद सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आ गई जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन फानन में लोग उसे शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जाता है कि उक्त विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा 3 की बच्ची साजिया पुत्री अलाउद्दीन शाह निवासी सरायमोहिउद्दीनपुर स्कूल की छुट्टी के बाद घर जाते समय सड़क पार कर रही थी, उसी दौरान तेज रफ्तार से निकल रही एक बाइक की चपेट में आ गयी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद बाइक सवार भागने में सफल रहा। इधर बच्ची की हालत गंभीर देख लोगों द्वारा आनन फानन में शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है।

  • साइत माई मंदिर में भंडारे का आयोजन 28 को

जौनपुर धारा, खुटहन। क्षेत्र के ताजूपुर इमामपुर स्थित साइत माई मंदिर में 28 अप्रैल को भव्य पूजन, जागरण एवं भंडारे का आयोजन होगा। उक्त बात की जानकारी मंदिर के पुजारी राम लवट चौधरी ने दिया। पूर्व प्रधान शिव प्रसाद चौधरी ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि सभी लोग माता रानी के दरबार में पहुंच भंडारे का प्रसाद अवश्य ग्रहण करें। पूजा अर्चना के बाद जागरण का कार्यक्रम भी रखा गया है।

  • अध्यक्ष व सभासद प्रत्याशियों की हुई बैठक

जौनपुर धारा, शाहगंज। उपजिलाधिकारी एवं रिटर्निग आफिसर शैलेन्द्र कुमार ने तहसील मुख्यालय स्थित सभागार में प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक में नगर पालिका एवं खेतासराय नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं सदस्य पद के प्रत्याशी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। एसडीएम ने उक्त बैठक राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में लिया। अध्यक्ष एवं सदस्य पद पर चुनाव लड़ रहे लोगों को व्यय लेखा सम्बंधित एवं चुनाव के सम्बन्ध में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत आदर्श चुनाव आचार संहिता के अनुपालन हेतु दिशा निर्देश दिया गया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक चोब सिंह, तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह समेत व्यय लेखा टीम के सदस्य मौजूद रहे।

  • 1 मई से न्यायालय का समय बदला

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने अवगत कराया है कि शासनादेश दिनांक 11 अप्रैल 1985 में दिये गये प्राविधानों के अन्तर्गत गर्मी व लू की तीव्रता के दृष्टिगत जनपद में 1 मई से 30 जून तक जिलाधिकारी के अधीन सभी माल व फौजदारी के न्यायालय एवं उससे सम्बन्धित कार्यालयों का समय जिसमें न्यायालय का समय प्रात: 8 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक तथा 11 बजे से 11.30 बजे तक लंच का समय होगा। न्यायालय से सम्बन्धित कार्यालय यथा-राजस्व अभिलेखागार एवं न्याय अभिलेखागार का समय प्रात: 7.30 से अपरान्ह 2.30 बजे तक होगा। जनपद के अन्य सभी कार्यालयों का समय यथावत रहेगा।

  • 4 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला मजिस्ट्रेट अनुज कुमार झा ने अवगत कराया है कि नगर निगमों के महापौरों एवं पार्षदो तथा नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के सामान्य निर्वाचन-2023 के दृष्टिगत निर्वाचन हेतु जनपदों में प्रथम चरण का मतदान 4 मई को एवं द्वितीय चरण का मतदान 11 मई को होना नियत है। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 हेतु निगोशिएबुल इन्स्ट्रमेन्ट एक्ट-1881 (एक्ट संख्या-26 1881) की धारा-25 द्वारा प्रदत्त अधिकारों के तहत मतदान दिवस के दिन राज्यपाल द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। अत: जनपद में प्रथम चरण मतदान दिवस 4 मई बृहस्पतिवार को एतद् द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है।

Share Now...