- स्वास्थ्य शिविर में 500 मरीजों का हुआ इलाज
जौनपुर धारा, जफराबाद। डॉ. हैनिमैन जयंती पखवारा समारोह के अवसर पर रविवार को आनन्द आरोग्य आश्रम व होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया शाखा जौनपुर ने संयुक्त रूप से रविवार को डॉ. बंशराज आनन्द के आवास सहमलपुर गांव में नि:शुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 500 लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण कर एक सप्ताह की दवा नि:शुल्क वितरित की गई एवं पुन: एक सप्ताह की दवा नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। शिविर का उद्घाटन पूर्व विधायक केराकत गुलाबचन्द सरोज व डॉ. बीबी सिंह नवाब व डॉ. अशोक अस्थाना ने किया। डॉ. ए सिंह, डॉ. आरबी सिंह, डॉ. सुमित सिंह, डॉ. विवेक पाण्डेय ने चिकित्सकीय परीक्षण में अपना सहयोग दिया। डॉ. बालकृष्ण आनन्द ने आये हुए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
- प्रेमी युगल की परिजनों ने करायी शादी
जौनपुर धारा, सिरकोनी। क्षेत्र के एक गांव की युवती का तथा एक युवक को गांव के लोगों ने पकड़ लिया। गांव के लोग उन दोनों को थाने ले आये जहां काफी पंचायत हुई। दोनों का प्रेम सम्बंध तीन वर्ष से चल रहा था। उक्त गांव की 20 वर्षीय युवती के चाची का मायका गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र में है। उसकी चाची के गांव के बगल के एक युवक उसी रिश्ते के माध्यम से आता जाता था। उस युवक से युवती का तीन वर्ष से प्रेम सम्बन्ध चल रहा था। इस बात की जानकारी गांव के लोगों को भी हो गयी। गांव के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और थाने ले आये। वहां पर जब युवक ने तत्काल शादी करने से इंकार किया तब युवती उसके ऊपर मुकदमा दर्ज कराने के जिद पर अड़ गयी। उसके बाद युवक के परिजन आये और मैहर देवी मंदिर पर दोनों की धूमधाम से शादी करवा दी।



