वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
जौनपुर धारा, जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने चोरी की घटना में वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके पास से हजारों रुपये मूल्य के आभूषण व नकदी बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव व एसआइ सदन प्रसाद मय फोर्स बुधवार को गश्त पर निकले थे। थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे में चिह्नित आरोपित कोड़री निवासी मंजीत राजभर उर्फ गोरख को मिले सुराग पर घेराबंदी कर कबूलपुर नहर पुलिया के पास से पकड़ लिया। उसके पास से चोरी हुई चांदी की दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया, सोने की अंगूठी, लॉकेट व नकद 4210रुपये बरामद हुए। आवश्यक लिखापढ़ी कर पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया।
युवती के अपरहण मामले में आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर धारा, जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने युवती के अपहरण के मामले में वांछित आरोपित को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। थाना क्षेत्र के ही एक गांव की युवती दो दिन पूर्व गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर स्वजन ने धरांव गांव निवासी किशन राजभर के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। छानबीन में जुटे थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, एसआइ रमेश चंद्र व उनके हमराहियों ने संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के दौरान मिले सुराग पर जलालपुर चौराहा से किशन राजभर को गिरफ्तार कर युवती को बरामद कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया आरोपित का चालान कर जेल भेज दिया गया। बरामद युवती को महिला कांस्टेबल की निगरानी में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट में यदि दुष्कर्म की पुष्टि होती है तो मुकदमे में धारा बढ़ा दी जाएगी।
जुआ खेलते 7 गिरफ्तार, 7600 नकद बरामद
जौनपुर धारा, जौनपुर। पुलिस ने गुरुवार को दो स्थानों पर जुआ खेल रहे सात व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। सिंगरामऊ पुलिस ने मिले सुराग पर डेहुड़ा पार्क के पास जुआ खेलते चार व्यक्तियों को धर दबोचा। इनके पास से फड़ व तलाशी में 7600 रुपये व ताश के पत्ते बरामद हुए। आरोपितों में प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा के कोपा निवासी दीपक गौतम, सिंगरामऊ के लच्छीपट्टी के मुन्नीलाल गौतम, खानपुर के कृष्णा मौर्य व लालगंज के दीपक जायसवाल हैं। उधर, केराकत पुलिस ने कस्बा के सिपाह मोहल्ला में ईदगाह के पास जुआ खेलते तीन लोगों को पकड़ लिया। इनके पास से 1230 रुपये व ताश के पत्ते बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपितों में चंदवक के पुरानी बाजार निवासी मुमताज शेख, खुज्झी निवासी ओमकार सेठ व पूरब टोला निवासी राजन सोनकर हैं। जुआ एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों का चालान कर ाfदया गया।
लहू-लुहान हालत में मिला युवक, मौत
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला क्षेत्र के मानपुर (गैरवाह) गांव निवासी एक पचीस वर्षीय युवक गुरुवार सुबह गांव के जंगल में लहू-लुहान हालत में पड़ा पाया गया। मौके पर पहुंचे लोगों द्वारा आनन फानन में उसे शाहगंज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी मंगला प्रसाद सिंह का पचीस वर्षीय बेटा प्रदीप कुमार गुरुवार सुबह गांव के जंगल में अपनी खेत की तरफ शौच के लिए गया था। इधर बुखार से तड़प रही युवक की माँ बेटे की वापसी में देरी होने पर इसकी सूचना अन्य लोगों को दी। युवक की खोजबीन में निकले लोग जब खेत की तरफ गए तो वह लहू-लुहान हालत में जंगल में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे शाहगंज स्थित चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर बेटे की मौत की खबर पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता की दूसरी संतान था, जो प्रयागराज में तैयारी कर रहा था। बड़ा भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में परिवार सहित मुम्बई में रहता है। फिलहाल परिजनों द्वारा लाश का अन्तिम संस्कार कर दिया गया। लोगों द्वारा घटना के पीछे जंगली जानवर के आक्रमण की आशंका जताई जा रही है।



