Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

  • छेड़छाड़ के आरोपित पर केस दर्ज

जौनपुर धारा, खुटहन। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात घर के सामने छप्पर में सो रही युवती के साथ ससुराल में रह रहे युवक द्वारा दुराचार का प्रयास किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई है। प्रयागराज जिले का मूल निवासी महेंद्र गौतम की उक्त गांव में ससुराल है जहां वह लगभग पांच वर्षों से रह रहा है। आरोप है कि आधी रात को वह छप्पर में सो रही युवती के बिस्तर पर पहुंच उसके साथ गलत हरकत करने लगा। युवती के शोर मचाने पर आसपास के कई लोग पहुंच गए। मौके से आरोपित फरार हो गया। मामले में पहले तो सुलह समझौतों को लेकर गांव में घंटों तक पंचायत की गई। पीड़िता के राजी न होने पर मामला थाने पहुंच गया।

  • आज बंद रहेंगे वित्तविहीन विद्यालय

जौनपुर धारा, सुजानगंज। वित्तविहीन के सभी विद्यालय मंगलवार को बंद रहेंगे। यह जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी एलसी निषाद ने दी है। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ जनपद के एक कालेज में 11वीं की छात्रा की छत से गिरकर असमायिक मौत हो गई थी जिसमें जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय के प्रिंसिपल और शिक्षक को जेल भेजे जाने के विरोध में संघ के आह्वान पर मंगलवार को क्षेत्र के सभी निजी विद्यालय बंद रहेंगे।

  • कृषकों को योजनाओं का दिया जायेगा लाभ : डा. सीमा

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा द्वारा अवगत कराया गया है कि पर ड्राप मोर क्राप माइक्रोइरीगेशन के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में जनपद को 2001 हे. भौतिक लक्ष्य प्राप्त हुये है, इसमें ड्रिप, मिनी एंव माइक्रो स्प्रिंकलर पर लद्यु एवं सीमांत कृषकों को 90 व अन्य कृषकों को 80 प्रतिशत तथा पोर्टेबल एवं रेनगन स्प्रिंकलर पर लघु एवं सीमान्त कृषकों को 75 व अन्य कृषकों को 65 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। इस सिंचाई पद्धति से किसान 40 से 50 प्रतिशत पानी की बचत कर ज्यादा उत्पादन ले सकता है, इससे किसान बिजली, मैन पावर, फर्टिलाइजर, बिजली आदि की बचत कर सकता है। जनपद के कृषकों अवगत कराते हुए कहाकि इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन हेतु वेबसाइट 666.4स्रे्रस्र.्रल्ल पर कृषक रजिस्ट्रेशन कर सकते है या किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय आकर फोटो, मोबाइल नम्बर, खतौनी, बैंक पासबुक के साथ ऑनलाइन आवेदन हेतु सम्पर्क करें। इस योजना का लाभ लेने के लिए कृषक के पास सिंचाई का साधन उपलब्ध हो व पिछले सात वर्षो में योजना का लाभ न लिया गया हो। कृषकों को प्रथम-आवक प्रथम-पावक के आधार पर योजना का लाभ दिया जायेगा।

  • रामेश्वर महादेव मंदिर पर उमड़ा जन सैलाब

जौनपुर धारा, जफराबाद। स्थानीय क्षेत्र के राजेपुर स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर पर सावन माह के पांचवें सोमवार को भक्तों ने महादेव का जलाभिषेक कर व दरबार में हाजिरी लगाकर मन्नते मांगी। भगवान भेलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए भक्त कतार में खड़े रहे। परिसर में हर हर महादेव और बोल बम के नारे की गूँज सुनाई दे रही थी। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम व पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेटिंग की गई है ताकि दर्शन करने वाले किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न होने पाए। सभी श्रद्धालुओं ने अच्छी तरह से दर्शन-पूजन किया। मंदिर में सुरक्षा के दृष्टि से पुलिस मौजूद रही।

  • सदस्य निगरानी समिति का आगमन कल

जौनपुर धारा, जौनपुर। प्रभारी अधिकारी प्रोटोकाल द्वारा अवगत कराया गया है कि सदस्य राज्य निगरानी समिति उ.प्र. शासन धीरेन्द्र कुमार वाल्मीकि 9 अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे निरीक्षण भवन में प्रभारी स्थानीय निकाय, जिले के सभी नगर पालिका, नगर पंचायत, डीपीआरओ, सीएमओ, जी.एम जल निगम, अधीक्षण अभियंता विद्युत, जल संस्थान, सिडको, एक्स ई एन (पीडब्ल्यूडी एवं सिंचाई) के साथ समीक्षा बैठक करेंगे तथा पूर्वाह्न 11 बजे प्रदेश सीवर व टैंकों में हो रही मृत्यु की रोकथाम के सम्बन्ध में मलिन बस्ती में जागरूकता अभियान में सम्मिलित होंगे।

  • आठ अगस्त को बंद रहेंगे निजी विद्यालय

जौनपुर धारा, मुफ्तीगंज। सोमवार की दोपहर ब्लाक के निजी विद्यालय संघ के प्रबंधकों की एक बैठक प्रबंधक संजय दुबे की अध्यक्षता में हुई  जिसमे सर्व सम्मति से गत 31 जुलाई की घटना में प्रशासन द्वारा बिना जांच पड़ताल किए ही विद्यालय के प्रिंसिपल और क्लास टीचर को जेल भेज दिया जो निंदनीय है। उक्त घटना की प्रशासन को जांच पड़ताल कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी। इसके पहले भी प्रशासन द्वारा ऐसा किया गया है जिसके विरोध में निजी विद्यालय संघ जौनपुर पब्लिक स्कूल एसोसिएशन  की अपील पर मंगलवार को निजी विद्यालय बंद करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में दुर्गा प्रसाद राय, शुभम यादव, दिलीप विश्वकर्मा, बृजेश यादव, संजय यादव, बृजेश जायसवाल सहित ब्लाक के समस्त प्रबंधक गण उपस्थित रहे।

  • आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा दर्ज

जौनपुर धारा, जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के वशीरपुर गांव निवासी दो जातियों के लोग आपसी रंजिश को लेकर आपस में भिड़ गये। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दलित पक्ष के लोग गांव के पास स्थित देशी शराब की दुकान को हटाए जाने के लिए भारी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट में पहुंचकर जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा। उक्त गांव के दलित जाति के लोगों ने आरोप लगाया कि गांव के ही निषाद जाति के कुछ लोगों ने शराब पीकर हम लोगों को मारा पीटा। उक्त दुकान पर शराब पीने वाले काफी अराजक हैं। इस मामले में थाना प्रभारी केके चौबे ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों ने आपस में मारपीट की है। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है। दोनों पक्ष के चार-चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला आपसी मारपीट का है।

  • झारखंड पुलिस ने कुर्की की नोटिस चस्पा की

जौनपुर धारा, करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मनवल गांव में झारखंड पुलिस ने अभियुक्त मो. अहमद शाह के घर कुर्की की नोटिस चस्पा की है। इस दौरान दोनों प्रांतों की पुलिस मौजूद रही। मनवल गांव निवासी मोहम्मद अहमद शाह पुत्र सज्जाद शाह के खिलाफ 28 मई 2018 को झारखंड प्रांत में एमवी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत हुआ तभी से अभियुक्त मोहम्मद अहमद फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश पर झारखंड पुलिस सरायख्वाजा थाने पहुंची जहां से इलाका पुलिस के साथ झारखंड पुलिस कर्मी राहुल कुमार अपने हमराहियों के साथ अभियुक्त अहमद के घर पहुंचे और गांव में डुगडुगी पिटवा कर कुर्की की नोटिस चस्पा किया। दर्जनों पुलिसकर्मियों को देख गांव में हड़कंप मचा रहा।

  • संगठन की रचना पूर्ण कर कार्य को गति दे :लालमणि

जौनपुर धारा, सुजानगंज। बेलवार मार्ग पर सरदार पटेल तिराहा (चिरैया मोड़) स्थित हनुमान मंदिर पर विश्व हिंदू परिषद की बैठक प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष लालमणि पांडे ने कार्यकर्ताओं का आवाहन करते हुए कहा कि जल्द से जल्द संगठन की रचना को पूरा कर कार्य को गति दें। उन्होंने आगामी कार्यक्रम यथा अखंड भारत संकल्प दिवस, विहिप स्थापना दिवस, दुर्गा अष्टमी, बाल्मीकि जयंती, गोपाष्टमी, गुरु नानक जयंती, गीता जयंती, धर्म रक्षा दिवस, श्रद्धानंद बलिदान दिवस, समरसता दिवस पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यक्रमों को मनाने की रूपरेखा भी बतायी। इसके पूर्व बजरंग दल के जिला संयोजक सत्या शुक्ला ने बजरंग दल की इकाई के गठन पर जोर देते हुए साहसिक यात्रा, बूढ़ा अमरनाथ यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि आप सभी अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सभी कार्यक्रमों को सफल बनाएं। कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष कुंवर शिवदेव सिंह ने भी संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से अपील किया की समय की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आप सभी संगठन को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें। इस अवसर पर धर्माचार्य प्रमुख सुरेश पांडे, शिव शंकर विश्वकर्मा, सत्संग प्रमुख राजीव दुबे, गोरक्षा प्रमुख उदय राज सिंह, संतोष मौर्य आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। अंत में 2 मिनट का मौन रखकर मेवात में बलिदान हुए बलिदानियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Share Now...