लोकसभा चुनाव के लिये नियुक्त किये गये मास्टर ट्रेनर
जौनपुर धारा,जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देशन में लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए नियुक्त किये गये मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को प्रेक्षागृह में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए परियोजना निदेशक जयकेश त्रिपाठी ने कहा कि मास्टर ट्रेनर्स पूर्णरूपेण दक्षता प्राप्त कर लें, ताकि मतदान कार्मिकों को भली-भांति प्रशिक्षण प्रदान कर सकें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन को सकुशल सम्पन्न कराने में मास्टर ट्रेनर्स की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मतदान प्रकिया से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों को आवश्यकता है कि सभी मतदान कार्मिक को मतदान प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी हो, जिसके लिए आवश्यक है कि सभी मास्टर ट्रेनर्स भारत निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप निर्वाचन प्रक्रिया के सम्बन्ध में आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए, पूर्णरूपेण दक्षता प्राप्त कर लें ताकि आप सभी लोग मतदान कार्मिकों को भली-भांति प्रशिक्षण प्रदान कर सकें जिससे मतदान के दौरान को व्यवधान उत्पन्न न हो। परियोजना निदेशक जयकेश त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम में करीब 128 मास्टर ट्रेनर्स ने प्रशिक्षण प्राप्त किया जिनमे 89ईवीएम मास्टर ट्रेनर्स ने प्रशिक्षण लिया तथा 03अनुपस्थित रहे।इस दौरान उपस्थित सभी को परियोजना निदेशक द्वारा विधिवत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी वीके यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.गोरखनाथ पटेल, डीपीआरओ नत्थूलाल गंगवार, मास्टर ट्रेनर्स सहित अन्य उपस्थित रहे।
चैत्र नवरात्रि पर नगर में निकली कलश शोभायात्रा
जौनपुर धारा,खेतासराय। विश्व बंधुत्व व चराचर जीव के कल्याणार्थ नगर में मंगलवार की सुबह नवरात्रि के पहले दिन व्रती महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर कस्बे में भव्य शोभा यात्रा निकाला।
जो कस्बा स्थित रामलीला मन्दिर गोलाबाजार से शुरु होकर समूचा नगर भ्रमण के पश्चात यहीं आकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान डी.जे. की धुन पर मधुर भक्ति गीत बज रहा था। जिस पर श्रद्धालु थिरक रहे थे तो वहीं शोभा यात्रा में श्री रामचन्द्र जी व लक्ष्मण जी की झांकी साथ साथ चल रही थी।
बतादें कि नवरात्रि के प्रथम दिन व्रती महिलाओं ने अपने घर पूजा-अर्चना के बाद संगीतमय कथा से पूर्व नगर में शोभा यात्रा निकाला। जहाँ महिलाएं, युवतियां एकत्र होकर अपने सिर पर 108 कलश पात्र में पवित्र गंगा जल, आमपत्र व कुश भरे कलश को सिर पर रखकर शोभा यात्रा के साथ भ्रमण किया। शोभायात्रा गोलाबाजार से निकलकर मुख्य मार्ग पर होते हुए चौराहा पहुँचा जहाँ से जौनपुर मार्ग व खुटहन मार्ग से होते हुए पुरानी बाजार रोड पहुँचा वहीं कन्या विद्यालय होते हुए पूजन स्थल पर सम्पन्न हो गया। इस दौरान शोभा यात्रा में डी.जे.की मधुर ध्वनि में भक्ति गीत बज रहे थे तो वहीं श्रद्धालु गीतों पर थिरक रहे थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो समूचा नगर भक्ति भाव में डूब गया हो। इस अवसर के साथ ही संगीतमय कथा का आगाज़ हो गया है। जिसमें श्रीमद्भागवत के लिए कथावाचक पंडित अखिलेश मिश्र एवं श्रीराम कथावाचक डॉ. अजय तिवारी रहेंगे जो सांय से अर्ध रात्रि तक प्रवचन कहेंगे। इस दौरान मुख्य रूप से भृगनाथ जायसवाल, व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा, जगदम्बा प्रसाद पांडेय, सोनू बिन्द, उपेंद्र मिश्रा, बृजनाथ जायसवाल, पप्पू पटवा, रतन बरनवाल, रूपेश गुप्ता,मोनू,मंजय गुप्ता समेत आदि लोग शामिल रहे। शोभायात्रा में सुरक्षा की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह भारी पुलिस बल व पीएसी के जवान के साथ जुलूस की निगरानी कर रहे थे।
उचक्को ने रेलवे कर्मचारी से उड़ाए 50 हजार
जौनपुर धारा,मडियाहूं। स्थानीय नगर के सदरगंज कोतवाली के सामने सोमवार को स्टेट बैंक की मडियाहूँ शाखा से रुपए निकाल कर घर जा रहे रेलवे कर्मचारी की साइकिल से झोले में रखा 50हजार उचक्कों ने उड़ा दिया।
बताया जाता है कि मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के महमदपुर चक दोस्त गांव निवासी रमेश चंद्र यादव जो मुंबई में रेलवे कर्मचारी हैं। उन्होने 2:20 पर मड़ियाहूं स्टेट बैंक से 50000रूपये निकालकर झोले में रख लिया। ऊपर से उसमें सब्जी भर कर साइकिल की हैंडल में लटका दिया। वह मड़ियाहूं मछली शहर मार्ग पर हाशमी डॉक्टर के यहां अपना दांत चेक करवा कर पानी लेने के लिए एक दुकान पर गए, वापस लौटे तो साइकिल के हैंडल से झोला गायब था। झोला गायब देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। घटना सोमवार लगभग शाम 4:00बजे के आसपास की बताई जा रही है। इस सम्बंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की तहरीर पीड़ित द्वारा अभी प्राप्त नहीं हुई है।
मनबढ़ युवक ने युवती को पीटकर किया घायल
जौनपुर धारा,शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत एक गांव में सोमवार की देर शाम मनबढ़ युवक ने दुकान पर सामान लेने पहुंची युवती से छेड़छाड़ करने लगा। युवती के विरोध करने पर युवक ने पीटकर कर घायल कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी।
क्षेत्र के हुसेनाबाद गांव में सोमवार की देर शाम एक युवती किराने की दुकान से सामान लेकर घर जाने के दौरान गांव के ही युवक साहिल पुत्र राम वचन युवती से छेड़छाड़ व अश्लील बातें करने लगा। जिसका विरोध करने पर युवक ने युवती को पीटकर लहूलुहान कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। वही पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
जमुआ हसनपुर गांव में चार बीघा गेंहू जलकर राख
जौनपुर धारा,सिकरारा। स्थानीय थाना अंतर्गत मडियाहूँ ब्लाक के जमुआ हसनपुर गांव में मंगलवर को दोपहर लगभग 12बजे गेहूँ फसल में भीषण आग लग जाने से यहां के किसानों में हाहाकार मच गया है। जानकारों के मुताबिक लगभग 4 बीघा खेत में लगी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गयी। आग किस कारण लगी इसके बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका है। वहीं आग की लपटों को देखकर दर्जनों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण जुटकर आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे और इसी बीच दमकल केंद्र को दी गयी।
जिसके बाद दमकल कर्मी एवं स्थानीय लोगों घंटों कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। तब तक आग की लपटों ने कई बीघा गेहूं की फसल और खेत में रखा भूसा को अपनी आगोश में ले लिया। पीड़ीत किसानों ने बताया की उनके लिए यह सिर्फ गेहूं फसल नहीं था बल्कि सालभर के आर्थिक समृद्धि का साधन था। जिसमें संतोष गौतम, विनोद गौतम सतीश गौतम, अमित गौतम अजय गौतम, संजय यादव, विनोद यादव इत्यादि लोगों का फसल था। वहीं मौके पर सिकरारा पुलिस, काननूगो और लेखपाल भी पहुंचकर अवलोकन किए।
स्कार्पियो की चपेट मे आने से बाइक चालक घायल
जौनपुर धारा,मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के प्रयागराज मार्ग पर मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे स्कार्पियो की चपेट मे आने से एक बुजुर्ग बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव निवासी दयाशंकर पांडेय पुत्र परमानंद उम्र 61 वर्ष अपने काम से बादशाहपुर आ रहे थे।उक्त मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने के पश्चात जैसे ही ये मार्ग पर पहुंचे प्रयागराज की ओर से आ रही स्कार्पियो की चपेट मे आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगो की मदद से इन्हे पीएचसी मुंगरा बादशाहपुर में भर्ती कराया गया। जहाँ चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सड़क दुघर्टना में बाइक सवार युवक घायल
जौनपुर धारा,जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत दादर पुल पर सड़क दुघर्टना में बाइक सवार युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
क्षेत्र के पक्खनपुर गांव निवासी 25वर्षीय आनंद यादव पुत्र राजपति मंगलवार को बाइक से घर जाने के दौरान दादर पुल पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उक्त घायल की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
जमीनी विवाद में मारपीट,आठ घायल
जौनपुर धारा,जौनपुर। सुइथाकला थाना क्षेत्र में शेषपुर गांव में सोमवार शाम जमीनी विवाद में हुई मारपीट के दौरान आठ लोगों के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है। जिसमें दो की स्थिति गंभीर होने के चलते चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस सभी का चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव में सोमवार शाम दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इस दौरान दौरान एक पक्ष से हसनू, नितऊ, हसमतुनिशा, सितारा व अमरातू वहीं दूसरे पक्ष से साजिया, सिवारा व अजुजुला समेत कुल 8 लोग घायल हो गए। जिसमें साजिया व अजुजुला के बेहतर उपचार के लिए चिकित्सक द्वारा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस सभी का स्थानीय सीएचसी पर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गेहूं की खेत में आग लगने से पचासों हजार का गेहूं जलकर खाक
जौनपुर धारा,खुटहन। खुटहन क्षेत्र के गौसपुर गांव में किन्ही अज्ञात कारणों से गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे गेंहूँ का खेत जलकर ख़ाक हो गया। किसी तरह से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। तिघरा गांव निवासी दयाराम यादव का लगभग पांच बिस्सा व सिकंदर यादव का 12 बिस्सा की गेंहू के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग जाने से लगभग दोनो लोगो का कुल एक बिघा गेहूं जलकर राख हो गया, जिसका कीमत लगभग पचासों हजारों रुपयों का गेहूं जलकर राख हो गया खेत में धुएं का गुंबर अचानक उठने लगा ग्रामीणों ने देखा दौड़कर किसी तरह से आग पर काबू पाये। आग की लपटों को देख लोग दंग रह गए, लेकिन हिम्मत जुटाकर ग्रामीणों ने घंटों मेहनत कर आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद इसकी ख़बर संबंधित अधिकारियों को दी गई।



