रेलवे पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
जौनपुर धारा,गौराबादशाहपुर। जौनपुर-गाजीपुर रेलवे लाइन पर एकौना गांव के पास दोपहर 12:15बजे रेलवे पटरी पार करते समय ट्रेन के चपेट में आने से कुछमुछ गांव निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया जिस पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
कुछमुछ गांव निवासी विजय यादव पुत्र चंद्रसेन यादव 31वर्ष किसी कार्यवश एकौना गांव की तरफ जा रहा था। गांव के पास वह रेलवे की पटरी पार करने लगा। संभवत ध्यान कहीं और होने की वजह से विपरीत दिशा से आ रही ट्रेन को वह देख नहीं पाया। जिसकी वजह से वह ट्रेन की चपेट में आ गया तथा मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने देखकर शोर मचाया। जिस पर जुटे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस संदर्भ में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
बाजारवासियों ने नाली जाम व गंदगी को लेकर किया प्रदर्शन
जौनपुर धारा,जौनपुर। जफराबाद बाजार के ग्राम पंचायत बाकराबाद के सड़क पर गंदगी व नाली जाम की समस्याओं को लेकर बाजारवासियों ने रविवार को प्रदर्शन किया। व्यपारियों ने कहा कि खड़ंजे पर इतनी गंदगी है और हल्की सी बारिश में सड़क झील में तब्दील नजर आता है। बगल में प्राइवेट विद्यालय है जिससे इतनी बुरी बदबू आती है बच्चों को पढ़ने में काफी दिक्कत होती है। संजय यादव व सोनू शर्मा ने कहा कि सड़क पर इतनी गंदगी है नाला साफ नही होता है। जिससे बहुत बदबू आती है ,दुकानदारी करने में दिक्कत हो रही है।अगर समस्या का समाधान नही होगा,तो हम उच्च स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। इस विषय पर खण्ड विकास अधिकारी रेणू चौधरी ने कहा कि जल्द से जल्द साफ करवाया जाएगा। इस मौके पर राममनी चौबे, प्रवीण निषाद, रामजीत यादव आदि लोग रहे।



