जौनपुर। चकबंदी विभाग के कर्मचारियों की एक शर्मनाक करतूत का सोशल मीडिया और स्थानीय समाचार चैनलों पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विभाग के कुछ कर्मचारी कार्यालय परिसर के भीतर ही शराब के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। इस घटना ने सरकारी महकमे की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला 28 फरवरी को तब प्रकाश में आया जब कर्मचारियों का शराब पीते हुए वीडियो सार्वजनिक हो गया। सरकारी कार्यालय के भीतर इस तरह का कृत्य ‘सरकारी सेवक आचरण नियमावलीÓ का खुला उल्लंघन माना जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप संचालक चकबंदी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को निर्देशित किया है कि वीडियो में दिख रहे सभी चकबंदी कर्मियों की तत्काल पहचान की जाए और मामले की गहन जांच कराई जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अनुशासनहीनता और कार्यालय की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
जौनपुर के श्रमिकों पर मंडराया संकट, इजरायल में हमलों के बीच बढ़ी चिंता
जौनपुर। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर जारी हमलों और जवाबी कार्रवाई के बीच इजरायल में रह रहे जौनपुर के श्रमिकों की चिंता बढ़ गई है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 25श्रमिक दो वर्ष पूर्व भारत-इजरायल समझौते के तहत रोजगार के लिए वहां गए थे। वर्तमान हालात में वे दहशत के बीच कमरों में ही रहकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, सायरन बजते ही सभी श्रमिक कार्यस्थलों के आसपास बने बंकरों में शरण ले रहे हैं। मोबाइल फोन पर उन्हें लगातार सतर्क रहने के संदेश मिल रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर मदद का आश्वासन भी दिया जा रहा है। फिलहाल किसी अनहोनी की सूचना नहीं है, लेकिन श्रमिकों और उनके परिजनों में भय का माहौल है। इजरायल के तेल अवीव समेत कई इलाकों में मिसाइल हमलों की खबरों के बीच हालात चिंताजनक बने हुए हैं। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जर्रो निवासी मृत्युंजय यादव, जो सौर ऊर्जा इंस्टॉलेशन कार्य के लिए इजरायल गए हैं, ने बताया कि शनिवार रात से लगातार बमबारी और मिसाइल गिरने की घटनाएं हो रही हैं। वहीं, शाहगंज के बड़ागांव निवासी अनिल गुप्ता, जो तेल अवीव की एक कांच निर्माण फैक्ट्री में कार्यरत हैं, ने बताया कि पूरी रात डर के साए में गुजरी। सायरन बजते ही जान बचाने के लिए बंकरों में जाना पड़ता है। हालांकि अब तक जिले के किसी श्रमिक के हताहत होने की सूचना नहीं है, फिर भी परिवारजन लगातार संपर्क में रहकर उनके सुरक्षित होने की जानकारी ले रहे हैं।
बाल अपराची को पुलिस ने किया गिफ्तार
जौनपुर। अपराध की रोकथाम एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना खुटहन पुलिस टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खुटहन से संबंधित प्रकरण में वांछित एक बाल अपचारी को खुदाबंदपुर के पास से अभिरक्षा में लिया।
यह मामला राजेश अस्पताल, पोटरिया मोड़, ग्राम सलहद्दीपुर में हुई घटना से जुड़ा हुआ है। अभिरक्षा में लिए गए बाल अपचारी, जो बड़ऊर थाना सरायख्वाजा जनपद जौनपुर का निवासी है, के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए संबंधित न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय, उनि.सत्येन्द्र नरायन सिंह, कांस्टेबल मान सिंह तथा कांस्टेबल ओमकार यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय, उनि.सत्येन्द्र नरायन सिंह, कांस्टेबल मान सिंह तथा कांस्टेबल ओमकार यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हत्या के प्रयास में त्वरित कार्यवाही, अभियुक्त गिरफ्तार
जौनपुर। थाना चन्दवक पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास से संबंधित प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अमहित (थाना केराकत क्षेत्र) में विद्यालय के पास तरांय गांव के कुछ युवकों और ग्राम गोठौली निवासी समीर पुत्र जमालू के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर समीर व उसके साथी उत्तेजित हो गए और गांव वालों द्वारा समझाने के प्रयास के दौरान दो व्यक्तियों ने असलहा निकालकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से अविनाश कुमार पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार राम निवासी चौरा, थाना केराकत, जनपद जौनपुर को करीब 13:30 बजे मौके से पकड़ लिया, जबकि अन्य सात बदमाश तीन अलग-अलग मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक देशी पिस्टल .32 बोर, दो खोखा कारतूस .32 बोर, एक सफेद धातु की टूटी चैन तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई उ.नि.रामकुमार ओझा, कांस्टेबल बृजभूषण यादव एवं कांस्टेबल कैरोकान्त उजाला की टीम द्वारा की गई। पुलिस द्वारा अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
पत्नी ने पति पर दूसरी महिला से संबंध रखने का लगाया आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के खोजनापुर गांव निवासी एक विवाहिता ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ संबंध रखने तथा उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है। पीड़िता पिछले चार वर्षों से अपनी मासूम पुत्री के साथ मायके में रह रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खोजनापुर गांव निवासी कल्पनाथ की पुत्री सविता की शादी 21 मार्च 2018 को बक्सा थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी नीरज कुमार से हुई थी। वर्ष 2021 में सविता ने एक पुत्री को जन्म दिया। आरोप है कि पुत्री के जन्म के बाद पति उसे जौनपुर शहर में एक किराए के कमरे में रखता था, लेकिन कुछ समय बाद उसे छोड़कर चला गया। सविता का कहना है कि उसने कई बार पति से संपर्क करने का प्रयास किया, किंतु वह वापस नहीं आया। मजबूरन 12 सितंबर 2021 को वह मायके लौट आई और तब से वहीं रह रही है। परिजनों द्वारा कई बार समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन पति ने साथ रखने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि नीरज एक निजी अस्पताल में वाहन चालक के रूप में कार्यरत है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति का एक अन्य महिला से संबंध है और दोनों मिलकर उसे तथा उसके माता-पिता को मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करते हैं। इतना ही नहीं, पति उसके मायके पहुंचकर धमकी भी देता है और संबंधित महिला भी उसके साथ रहती है। सविता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।


