- विकास के अग्रदूत रहे स्व लक्ष्मीशंकर
खुटहन। संविधान निर्मात्री सभा के सदस्य, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व.लक्ष्मीशंकर यादव की 30वीं पुण्यतिथि बुधवार को विशुनपुर चौराहे पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर कांग्रेसियों ने माल्यार्पण, हवन पूजन कर हर्षोल्लास पूर्वक मनाया। कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि स्व.लक्ष्मीशंकर छह बार विधायक रहकर संविधान सभा में सदस्य, अंतरिम संसद में सदस्य व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रुप में स्वास्थ्य, सहकारिता एवं लोकनिर्माण व सिंचाई के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किया है। श्री मिश्र ने कहा कि विकास के अग्रदूत स्व यादव ने जौनपुर जनपद सहित पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा दिया था। प्रदेश में कैबिनेट मंत्री रहे स्व यादव के कार्यकाल में हर जिला मुख्यालयों और तहसीलों में डाक बंगला का निर्माण कराया गया था। इस मौके पर पार्टी के ब्लाक अध्यक्ष विपिन शर्मा, रत्नेश यादव, ओमप्रकाश यादव,विजय उपाध्याय, ईश्वरदेव यादव,संजय सिंह, अफजल अंसारी,संकठा आदि लोग मौजूद रहे।



