जौनपुर। विद्युत वितरण खण्ड चतुर्थ बक्शा के अंतर्गत आने वाले 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कबीरउदीनपुर के उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। मंगलवार, 24 मार्च को उपकेंद्र पर आवश्यक मरम्मत और पैनल बदलने का कार्य किया जाएगा, जिसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
अधिशासी अभियंता वी.के.सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उपखण्ड अधिकारी द्वितीय की रिपोर्ट के अनुसार, 33केवी पैनल को बदलने और अन्य महत्वपूर्ण मेंटेनेंस कार्यों के कारण सुबह की नियमित रोस्टिंग के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। इस कार्य हेतु उपकेंद्र से जुड़े सभी क्षेत्रों की बिजली सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती से होने वाली असुविधा से बचने के लिए अपने दैनिक कार्य और पानी भरने जैसे जरूरी काम सुबह 10:00 बजे से पहले ही निपटा लें। शाम 5 बजे कार्य पूर्ण होने के बाद आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी जाएगी।
तमंचे के साथ फोटो वायरल करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
जौनपुर। थाना सरायख्वाजा पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब सोशल मीडिया पर अवैध असलहे के साथ फोटो वायरल करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक देशी तमंचा व एक कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना सरायख्वाजा पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोनू कन्नौजिया पुत्र महेन्द्र कन्नौजिया निवासी ग्राम बडऊर थाना सरायख्वाजा, जौनपुर के रूप में हुई है। अभियुक्त सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ अपनी फोटो वायरल करने के मामले में वांछित था। अभियुक्त के विरुद्ध थाना सरायख्वाजा में मारपीट एवं आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ बरामदगी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित थाना सरायख्वाजा की पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
जफराबाद को 1.18 करोड़ के पुल की सौगात, केराकत से जुड़ेगा संपर्क
जौनपुर। जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देते हुए ग्राम हरिपुर भड़ेहरी से पाली के मध्य नाले पर बॉक्स कल्वर्ट निर्माण के लिए 1करोड़ 18 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। लोक निर्माण विभाग जल्द ही इस परियोजना पर कार्य शुरू करेगा, जिसमें मुख्य सेतु के साथ पहुंच मार्ग का भी निर्माण होगा।
यह पुल जफराबाद और केराकत विधानसभा को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश नारायण राय ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और इस पुल से दर्जनों गांवों का आवागमन सुगम होगा। स्थानीय ग्रामीणों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया है। इस निर्माण से वर्षों पुरानी यातायात की समस्या दूर होगी।
डांडिया महोत्सव में झलकी भक्ति और संस्कृति की छटा
जौनपुर। भारतीय नववर्ष संवत-2083, चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के अवसर पर लायन्स क्लब क्षितिज द्वारा राजमहल परिसर में भव्य डांडिया महोत्सव व नववर्ष अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक विधि से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना व आरती से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि बृजेश सिंह ‘प्रिन्सूÓ समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। लायनेस सदस्यों द्वारा प्रस्तुत मां दुर्गा की स्तुति और नृत्य-नाटिका ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतापगढ़ से आए कलाकारों ने गणेश वंदना, राधा-कृष्ण झांकी और लव-कुश की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजन गायक राजेंद्र राज के गीतों पर देर रात तक गरबा और डांडिया का दौर चलता रहा। डांडिया प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। भक्ति, संस्कृति और आपसी सौहार्द का संदेश देता यह आयोजन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
पति, सास-ससुर समेत छह ससुरालीजन पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
जौनपुर। शहर कोतवाली पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के आरोपित पति, सास-ससुर समेत छह ससुरालीजन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर के मोहल्ला फिरोशेपुर निवासी मंगला प्रसाद साहू ने कोतवाली में तहरीर दी कि उन्होंने अपनी पुत्री नेहा साहू का विवाह 20फरवरी को हिंदू रीति-रिवाज के साथ शहर के ही मोहल्ला मरदानपुर निवासी अमन साहू के साथ किया था। विवाह के समय सामर्थ्य के अनुसार उपहार काफी घरेलू सामान, आभूषण आदि दिया था। आरोप लगाया कि नेहा के विदा होकर ससुराल जाने के कुछ ही दिनों बाद पति व अन्य ससुरालीजन कम दहेज मिलना कहते हुए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। इसी दौरान अमन साहू की नियुक्ति राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुलतानपुर में अनुदेशक पद पर हो जाने के बाद दहेज को लेकर और भी ज्यादा प्रताड़ित किया जाने लगा। कुछ माह पूर्व पति अमन साहू, ससुर आनंद कुमार साहू, सास हीरामणि साहू, देवर आयुष कुमार साहू, ननद नित्या साहू व मौसेरी सास राजमणि साहू ने नेहा के सभी आभूषण छीनकर उसे पीटकर घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में शरण लिए हुए है। तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना भंडारी पुलिस चौकी प्रभारी जयदीप कोल को सौंपी गई है।
दबिश के दौरान हंगामा: पुलिस पर अभद्रता व मारपीट के आरोप, वीडियो वायरल
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ककोरगहना गांव में चोरी के एक आरोपी की तलाश में गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अभद्रता, मारपीट और तोड़फोड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे पुलिस टीम दो वाहनों से गांव पहुंची और वांछित आरोपी के घर दबिश देने लगी। इसी दौरान परिजनों और पुलिस के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक में बदल गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी बिना स्पष्ट जानकारी दिए घर में घुस आए और विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगे। आरोप यह भी है कि एक गर्भवती महिला को धक्का देकर गिरा दिया गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। परिवार के लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के साथ मारपीट की और घर में तोड़फोड़ की। साथ ही, वीडियो बना रहे कुछ लोगों के मोबाइल छीनकर उन्हें थाने ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडे ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस टीम केवल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई थी और किसी प्रकार की अभद्रता नहीं की गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
24 से 26 मार्च तक शाही किला में जौनपुर महोत्सव, होगा सामूहिक विवाह
जौनपुर। जनपद में तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का आयोजन 24 से 26 मार्च तक शाही किला में किया जाएगा। महोत्सव के तहत विभिन्न सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
24 मार्च को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा शामिल होंगे। इस दौरान पात्र जोड़ों का बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद विवाह संपन्न कराया जाएगा। महोत्सव में सांस्कृतिक संध्या, शिव तांडव, मां काली नाटक, राम दरबार झांकी और लोक नृत्य प्रस्तुतियां भी होंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
मच्छर भगाने वाले उत्पादों को लेकर प्रशासन की चेतावनी, अपंजीकृत रसायनों से रहें सावधान
जौनपुर। जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने जनपदवासियों को मच्छर भगाने वाले उत्पादों के उपयोग को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि बाजार में अगरबत्ती, क्वायल और लिक्विड के रूप में बिक रहे कुछ उत्पादों में अपंजीकृत कीटनाशक रसायनों का प्रयोग किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं।
अधिकारी के अनुसार, कुछ उत्पादों में डाइमफ्लुथ्रिन और मेपरफ्लुथ्रिन जैसे रसायनों का उपयोग किया जा रहा है, जो ‘स्लीप वेल’ और ‘कम्फर्ट’ जैसे नामों से बाजार में उपलब्ध हैं। ये रसायन मानव शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि ऐसे उत्पादों की खरीद-फरोख्त से बचें और केवल मानक एवं पंजीकृत उत्पादों का ही उपयोग करें। साथ ही यदि किसी दुकान या व्यक्ति द्वारा इस तरह के उत्पादों की बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत जिला कृषि रक्षा अधिकारी कार्यालय या दिए गए मोबाइल नंबर पर सूचित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


