- तहसील बार एसोसिएशन ने अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू की
जौनपुर धारा, केराकत। एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार की कार्यप्रणाली से अधिवक्ताओं में आक्रोश है। विरोध में अधिवक्ताओं ने गुरूवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी है। आरोप है कि अधिकारी विभिन्न मुकदमों की सुनवाई करने के बाद भी निस्तारण नहीं कर रहे हैं। अधिवक्ताओं ने पिछले सप्ताह अधिकारियों को अपनी कार्यशैली सुधारने को कहा था और तब तक न्यायिक कार्यों से विरत हो गए। लेकिन समय बीत जाने के बाद भी अधिकारियों ने न तो अपना रवैया बदला न ही अधिवक्ताओं के पत्र का जवाब दिया। जिससे अधिवक्ताओं में आक्रोश है। गुरूवार को अधिवक्ताओं ने बैठक की जिसमें अनिश्चित कालीन हड़ताल पर रहने का फैसला किया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंवर बहादुर यादव ने कहा कि उनका संघ अधिकारियों के साथ होने वाली मासिक बैठक का बहिष्कार करेगा और किसी उच्च अधिकारी से वार्ता होने तक न्यायिक कार्यों से विरत रहेगा। बैठक में उदयराज कन्नौजिया, अनुपमा शुक्ला, राजेश पाण्डेय, मुकेश कुमार शुक्ला, नम:नाथ शर्मा, महेन्द्र शंकर पांडेय, राजवंत कुमार आदि रहे।


