- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में हो न जाये गड़बड़ी
जौनपुर। मुख्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में गणना पत्रक वितरण एवं जानकारी अपडेट नहीं कराने का मामला प्रकाश में आ रहा है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में घोर लापरवाही बरती जा रही है। हालांकि जिला निर्वाचन अधिकारी ने पहले ही एसआईआर प्रक्रिया में इसमें ढिलाई करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है बावजूद इसके अधिकांश क्षेत्रों में लोगों के पास तक फार्म नहीं पहुँच सका है। मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण यानी एसआईआर पर जौनपुर में अब तक सही से फार्म ही नहीं बंट पाया है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बीएलओ की है जो अपने घर से ही फार्म वितरण के फिराक है। आलम यह है कि जहाँ फार्म दिया भी जा रहा है उन्हे फार्म को सही ढंग से भरने का तरीका तक नहीं बताया जा रहा है। एसआईआर के दूसरे चरण की प्रगति रिपोर्ट के मुताबिक चार नवंबर से शुरू हुए गणना में फार्मों के वितरण में लापरवाही के चलते लोगों में चिन्ता बढ़ती जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार नगर क्षेत्र के ताड़तला वार्ड की बीएलओ संतारा देवी अभी तक अधिकांश लोगों में एसआईआर का फार्म ही वितरण नहीं कर पाई है, जब उनसे फार्म भरने के लिये 2003 की लिस्ट के बारे में पूछा गया तो उन्होने सिरे से इंकार कर दिया, कि वह लिस्ट मेरे पास नहीं है। यहाँ तक कि लोगों को फार्म भरने का तरीका तक नहीं बता पा रहीं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लोगों तक पहुंचने से भी परहेज कर रहीं हैं। जबकि निर्वाचन आयोग का निर्देश है कि बीएलओ घर-घर पहुंचकर लोगों में फार्म की वितरण करेंगी तथा लोगों को भरकर जमा करने का सही तरीका भी बतायेंगी। अब सवाल यह उठता है कि क्या बीएलओ की इस लापरवाही मे विशेष सघन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का कार्य शत प्रतिशत पूर्ण हो सकेगा?
घर-घर जाकर गणना पत्र वितरण करें बीएलओ : जिलाधिकारी
जौनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में खंड विकास कार्यालय रामनगर में जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में बीएलओ को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ सरिता सिंह, आरती सहित अन्य बीएलओ जिनके द्वारा घर-घर जाकर शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र का वितरण किया गया है, उनकी सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए जिलाधिकारी द्वारा अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित बीएलओ को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की प्रक्रिया, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, तथा बीएलओ ऐप पर फीडिंग कार्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।उन्होंने बीएलओ से गणना प्रपत्र वितरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि सभी बीएलओ शीघ्रातिशीघ्र शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य पूर्ण करें, जिससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार का विलंब न हो। उन्होंने समस्त बीएलओ से अपील की कि वे पूर्ण ईमानदारी, जिम्मेदारी एवं उत्साह के साथ कार्य करते हुए त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में अपना सक्रिय योगदान दें। इस अवसर पर ईआरओ, एईआरओ, बीडीओ रामनगर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



