- छात्र-छात्राओं को किया गया जागरुक
जौनपुर धारा, मछलीशहर। जनपद के तहसील मछलीशहर क्षेत्र अंतर्गत बरईपार जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जीरिकपुर में जन विकास संस्थान, नौपेड़वा द्वारा उड़ान परियोजना के तहत किशोरी मेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर भानु प्रताप सिंह द्वारा फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। किशोरी मेले को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के समय में किशोर व किशोरियां सभी को शिक्षा के अलावा खेल एवं विकास के अन्य क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने की जरूरत है ताकि उनकी भागीदारी सभी क्षेत्रों में सुनिश्चित किया जा सके। जन विकास संस्थान के सचिव राजमणि ने किशोरियों को संबोधित करते हुए बताया कि उड़ान परियोजना के अंतर्गत हम वंचित समुदाय की किशोरियों के अंदर उनकी नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने एवं उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच हो, उनके सपने पूरे हो एवं बालक-बालिका में भेदभाव न हो, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। जन विकास संस्थान के प्रशिक्षिक नवनीत कुमार ने किशोरियों को सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। मेले में क्रिकेट, कब्बड्डी, दौड़, पेंटिंग एवं गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में किशोरियों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में जन विकास संस्थान के परियोजना पर्यवेक्षक अमृतलाल, मुनिराज, लेखाकार अनिल यादव, जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अध्यापक देवेन्द्र प्रताप सिंह, पवन कुमार यादव, महेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार राम, सोनी सरोज, सतीश कुमार, शालू पांडेय, सरिता पटेल, सुनील कुमार आदि लोगों ने संबोधित किया। किशोरी मेले में सपनों की टोली किशोरी समूह से जुड़ी ग्राम पंचायत जीरकपुर, विश्वपालपुर, रामपुर कटाहित, कटाहित खास की कुल 250 किशोर किशोरियों ने प्रतिभाग किया।



