जौनपुर। पुलिस ने भंडारी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-6 के पीछे मीरपुर स्थित इमामबाड़ा में गत चार मार्च को तोड़फोड़ व चोरी करने के तीन आरोपियों को शनिवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने मिले सुराग पर टीम के साथ घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को छोटी लाइन मीरपुर स्थित रेस्टोरेंट के पास से गिरफ्तार किया। हत्थे चढ़े आरोपियों में लाइन बाजार थानान्तर्गत मानेपुर गांव निवासी कन्हैया बिंद, अमर बिंद उर्फ मंडोले व दीपक बिंद उर्फ दीपू हैं। जामा तलाशी में आरोपियों के पास से इमामबाड़ा से चोरी की गई चांदी की जरीब की बिक्री से मिले धन से बचे 1850 रुपये मिले। दीपक बिंद के पास से आसमानी रंग का नार्जो मोबाइल फोन भी मिला। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में निरीक्षक (अपराध) महमूद आलम, भंडारी पुलिस चौकी प्रभारी जयदीप कोल, हेड कांस्टेबल सरोज कुमार, शमीम अख्तर कांस्टेबल कुंवर अविनाश सिंह शामिल रहे। मालूम हो कि उक्त इमामबाड़ा में बुधवार की शाम मुजावर नियाज हसन रोशनी के लिए बिजली जलाने पहुंचे तो पीछे के गेट का ताला टूटा देखकर भौंचक रह गए। अंदर गए तो देखा इमामबाड़ा में रखी चांदी की जरीब गायब थी। अलम व ताबूत क्षतिग्रस्त थे। पता चलते ही शिया समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए। शिया पंजतनी कमेटी के अध्यक्ष पूर्व भाजपा सभासद शाहिद मेंहदी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, सीओ सदर देवेश कुमार सिंह, सीओ मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा, कोतवाली प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे थे।
― Advertisement ―
‘गड्ढा मुक्त’ सड़क की पोल खुली, पानी भरे गड्ढे में पलटा ई-रिक्शा
आधा दर्जन सवारियां बाल-बाल बचीं, लोगों में नाराजगीजौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर गड्ढों और जलभराव के कारण रविवार को एक बड़ा...
इमामबाड़ा में चोरी व तोड़फोड़ करने के तीन आरोपी गिरफ्तार



