- खड़ी फसल में तार खिंचाई पर लगी रोक
जौनपुर। गौराबादशाहपुर क्षेत्र के दशरथा-बघन्द्रा गांव में खड़ी फसल के बीच बिजली विभाग द्वारा हाई वोल्टेज लाइन की तार खिंचाई का मामला गरमा गया। किसानों की फसल को हो रहे नुकसान के विरोध में समाजसेवी जज सिंह अन्ना के नेतृत्व में ग्रामीणों और किसानों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने और विरोध की सूचना मिलने पर प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे ट्रांसमिशन एसडीओ सचिन्द्रा जायसवाल ने किसानों की मांग को देखते हुए तत्काल प्रभाव से खड़ी फसल में तार खिंचाई का कार्य रोकने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि फसल कटने के बाद ही आगे का कार्य कराया जाएगा। किसानों ने यह भी मांग उठाई कि अब तक लगभग 11किलोमीटर क्षेत्र में तार खिंचाई के दौरान जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रभावित किसानों से आवेदन लेकर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और भुगतान जल्द कराया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद अन्ना ने फिलहाल धरना समाप्त कर दिया, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को समय पर मुआवजा नहीं मिला तो आंदोलन फिर से तेज किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौके पर मौजूद रहे।



