खुटहन। चककुतबी गांव में खुटहन वाया पट्टी नरेंद्रपुर मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास गत शुक्रवार को ट्रैक्टर और बाइक से हुई भिड़ंत में आठ वर्षीय बालिका की हुई दर्दनाक मौत और बाइक चला रहा ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो जाने के मामले में पुलिस ने मृत बालिका के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।
आजमगढ़ जिले के पवई थाना अंतर्गत मैनुद्दीनपुर गांव निवासी बिपिन सिंह की आठ वर्षीया पुत्री सिद्धी सिंह फतेहगढ़ गांव में अपने मामा चंद्रशेखर सिंह के घर आई थी। दोपहर में सिद्धी सिंह अपने ममेरे भाई शिवा सिंह के साथ खरीदारी करने बाइक से पट्टी नरेंद्रपुर बाजार गई थी। जहां से वापस लौटते समय उक्त स्थान पर सामने से बालू लादकर आ रहे ट्रैक्टर से बाइक टकरा गई। हादसे में उसकी मौत हो गई थी। वहीं भाई शिवा को गंभीर चोटें आईं थी।
युवकों के दो गुटों के बीच मारपीट, चाकूबाजी का आरोप
खुटहन। शनिवार की रात एक वैवाहिक समारोह में समसुद्दीनपुर गांव में युवकों के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षो से चार लोग घायल हुए हैं। घटना में एक पक्ष चाकू से हमले का आरोप लगाते हुए थाने पर पहुंच गया है।
गांव निवासी पूर्व प्रधान अरुण सिंह के यहां पुत्री की शादी थी। रात में आठ बजे के आसपास किसी बात को लेकर घराती पक्ष के ही युवकों के दो गुटों में मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष से ऋषभ सिंह व अंकित सिंह घायल हो गए जब कि दूसरे पक्ष से सूरज सिंह व दीपक को भी आंशिक रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना में गंभीर रुप से घायल ऋषभ का आरोप है कि विरोधी गुट के युवकों ने चाकू से हमला किया।
दो सगी बहनें खेलते समय छत गिरी, एक की हालत नाजुक
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के राजा साहब पोखरा के पास रविवार सुबह लगभग 9:00बजे दो सगी बहनें नेहा 7वर्ष नैना 5वर्ष पुत्री राजेंद्र गौतम छत से गिर गई जिससे एक का पैर टूट गया तथा दूसरी की हालत गम्भीर बनी हुई है।
राजेन्द्र गौतम राजा साहब पोखरा के पास किराए के मकान पर रहकर मजदूरी का काम करते है। राजेंद्र सुबह 8:00बजे अपने काम के लिए निकल गए घर में केवल उसकी मां पूनम और छोटा बेटा शिवांश 1वर्ष मौजूद थे। बच्ची खेलते हुए छत पर चली गई तथा रेलिंग ना होने के कारण दोनों बच्चिया एक साथ नीचे गिर गई। जिसमें नेहा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है जबकि नैना का बाया पैर टूटा है। जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
महाराष्ट्र में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, शव लेने के लिए परिजन रवाना
जौनपुर। एक युवक की महाराष्ट्र के खंडवा में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेने के लिए तत्काल रवाना हो गए हैं।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कौरहा गांव निवासी 30वर्षीय राजेश गौतम पुत्र धर्मराज करीब एक सप्ताह पहले बिना बताए अपनी बड़ी बहन के घर मुंबई गया था। तीन दिन पहले उसने घर फोन कर अपने मुंबई पहुंचने की जानकारी दी थी। इसके बाद वह बहन के घर से बिना बताए ट्रेन पकड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान खंडवा के पास ट्रेन से गिरकर उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना परिवार को देर से मिली। परिजनों के अनुसार राजेश पांच बहनों में इकलौता बेटा था। वह गांव में पेंटिंग व मजदूरी का काम करता था। छोटी बहन पूजा ने बताया कि उनके पिता भी मजदूरी करते हैं, जिससे घर की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। राजेश की शादी हो चुकी थी, लेकिन पत्नी से संबंध नहीं थे। परिवार को पहले सूचना मिली थी कि हादसा कटनी में हुआ है, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि घटना महाराष्ट्र के खंडवा में हुई है। इसके बाद पिता, चाचा और चचेरे भाई शनिवार की रात में रत्नागिरी सुपरफास्ट ट्रेन से खंडवा के लिए रवाना हो गए। वहीं, ग्राम प्रधान पप्पू यादव ने बताया कि कोतवाली से फोन आने पर घटना की जानकारी मिली। मृतक के परिवार से बात की गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया गया है।
विवाद में लगा 2.5लाख और चेन लूटने का आरोप
जौनपुर। रविवार को रामपुर थाना क्षेत्र के दुबेपुर गांव में वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे लोगों को सकरी जगह में पास नहीं मिलने के कारण कार सवार कुछ लोगों ने पीट दिया।
आरोप है कि हॉकी, लाठी, लोहे के राड से मारपीट कर बरात में शामिल दो गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। ढाई लाख रुपये नगद एवं सोने की दो चैन लूटने का भी आरोप है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग है। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के उत्तरपट्टी गांव निवासी उदयराज मिश्रा पुत्र स्व.शोभनाथ मिश्रा अपने बेटे की शादी भदोही से करके रामपुर थाना क्षेत्र के दुबेपुर गांव के रास्ते लौट रहे थे। बरातियों से भरी एक कार के पीछे एक एसयूवी थी। उन्होंने नदी के पुल के आगे वाली गाड़ी से पास मांगा। रास्ता सकरा होने के कारण बरातियों से भरी गाड़ी का चालक पास नहीं दे सका। इसके बाद आरोप है कि बाजार में एसयूवी के चालक ने पहुंचकर गांव के कुछ लोगों को बुला लिया और आगे वाली गाड़ी को रोककर लोहे के राड और लाठी डंडा से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में उदय राज मिश्रा निवासी उत्तरपट्टी एवं अशोक कुमार निवासी करमौवा खुर्द को चोटे आई हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
बरात से लौट रहे युवक पर हमला
जौनपुर। शनिवार को देर रात नेवढ़िया के जयसिंहपुर चौराहे पर बरात से लौट रहे युवक पर लाठी-डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित रोहित कुमार पुत्र सत्यानंद पटेल निवासी रामपुर सोईडी, थाना जलालपुर नेवढ़िया थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और अन्य वस्तुओं से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने पीड़ित की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी और हत्या की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को महेवा में डीजे बंद कराने को लेकर कहासुनी हुई थी, उसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित रोहित ने बताया कि 29 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे वह महेवा से बरात कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान जयसिंहपुर चौराहे पर पहले से मौजूद राजेश प्रजापति पुत्र गोपाल प्रजापति निवासी जंफापुर(कोटैवा) थाना फूलपुर, वाराणसी व उसके साथियों ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।
टॉयर फटने से पलटी कार, चार बराती घायल
जौनपुर। रविवार की सुबह गौराबादशाहपुर सीमा पर आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र स्थित जिवली बाईपास मोड़ पर एक कार का टॉयर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे कार में सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी चोरसंड भेजा गया। जिसमें दो की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया।
कार सवार अपने मित्र की बरात में शामिल होकर आजमगढ़ के हदिसा रामपुर से वापस प्रयागराज लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार कार सवार प्रयागराज जनपद के थाना घूमनगंज के राजपुर निवासी 24 वर्षीय आशुतोष कृष्ण पुत्र राजेश यादव, 25 वर्षीय अजय, 26 वर्षीय आकाश सिंह, 22 वर्षीय उज्जवल घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी चोरसंड ले जाया गया। जिसमें आकाश और उज्जवल की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया।
नाबालिग को भगाने के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की को भगाने के आरोपी को पुलिस ने करीब ढाई माह बाद शनिवार को मियाचक बाजार के पास बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की को बरेठी गांव जाते समय रास्ते मे 12सितंबर को शादी करने की झांसा देकर बहला फुसलाकर भगा ले गया था। घटना की जानकारी होने पर उसकी मां ने गांव के ही युवक आदित्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई थी। थानाध्यक्ष देवानंद रजक ने बताया कि किशोरी और आरोपी युवक को शनिवार को मियाचक से गिरफ्तार किया गया। आरोपी युवक लड़की को लेकर मुंबई रहता था।
हाथ बंधे युवक का चारागाह में मिला शव, हत्या की आशंका
जौनपुर। रविवार की सुबह पवांरा थाना क्षेत्र के सहनी गांव के चारागाह में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके शरीर में कुछ जगहों पर चोट के निशान मिलने की वजह से हत्या की आशंका जतायी जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया, उसकी पहचान नहीं हो सकी। रविवार की सुबह पवांरा के सहनी गांव के कुछ ग्रामीण टहलने निकले थे तभी चारागाह में पड़ा शव दिखा। सूचना थाने पर दी गई। थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों के मुताबिक युवक के हाथ-पैर बंधे हुए थे जिससे हत्या की आशंका जतायी जा रही है। माना यह जा रहा है कि युवक की हत्या कर लाश यहां पर फेंक दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। माना यह जा रहा है कि युवक की हत्या कर लाश यहां पर फेंक दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों से जानकारी जुटा रही है। सीओ प्रतिमा वर्मा ने कहा कि तमाम पहलुओं पर पुलिस जांच कर रहीं हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। जांच जारी है और जल्द आरोपियों को पकड़कर मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


