- योगी आदित्य नाथ के दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क
- होटल संचालकों व व गृहस्वामियों को भेजा नोटिस
जौनपुर धारा, जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ आगामी एक मई को स्थानीय नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में शहर के बीआरपी इंटर कालेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। माफिया अतीक अहमद प्रकरण के बाद मिल रही सीएम को धमकियों को लेकर जिला पुलिस अभी से ही पूरी तरह सतर्क हो गई है। जनसभा स्थल लाइन बाजार थाना क्षेत्र में है। इसके इलाके में तीन दिन होटल खाली रखने व घरों में मेहमानों को न ठहराने की हिदायत दी गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने पूरे इलाके के होटल संचालकों व गृहस्वामियों को इस संबंध में नोटिस भेजा है। इसमें निर्देश दिए गए हैं कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा की दृष्टि से 29 अप्रैल से एक मई की शाम तक वे अपने-अपने घरों में किसी रिश्तेदार व होटलों में किसी व्यक्ति को न ठहराएं। यदि विशेष परिस्थितियों में घर में किसी रिश्तेदार को ठहराते हैं तो थाने पर पूर्व में ही सूचना दें। अन्यथा चेकिंग की दशा में यदि किसी अपरिचित व्यक्ति को पाया जाएगा तो गृहस्वामी व होटल संचालक के विरुद्ध समुचित विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होगा।


