- ट्रेलर पलटने पर चालक को क्रेन से निकाला गया बाहर
जौनपुर धारा, जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 731 पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुल्तानपुर की तरफ से आ रहा एक भारी-भरकम ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि यह हादसा ट्रेलर का अगला चक्के का टायर फटने के कारण हुआ। टायर फटते ही ट्रेलर तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। घटना इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर के सभी टायर ऊपर की दिशा में हो गए और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद राजमार्ग के दोनों तरफ यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ट्रेलर में फंसे चालक श्याम शुक्ला जो कि भदोही जिले के निवासी हैं, को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों की मदद से रेलवे स्टेशन से क्रेन मंगवानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया और तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल चालक की स्थिति अभी स्थिर नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर से गिरे लोहे के भारी पतरों को हटवाया, वहीं कड़ी मेहनत के बाद सड़क से मलबा हटाकर यातायात को पुन: सामान्य किया गया।



