जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने जिलाधिकारी को पुष्प गुच्छ भेंट कर नूतन वर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर (राजकेशर) के नेतृत्व में जनपद के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी की उपस्थिति में सीआरओ अजय कुमार अम्बष्ट को सौंपा गया। ज्ञापन प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। संगठन द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में प्रमुख रूप से 28 मार्च २०२५ के पूर्व की विज्ञप्ति के आधार पर एनपीएस से ओपीएस में आच्छादित होने वाले सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की जुलाई 2016 से अप्रैल 2025तक की एनपीएस कटौती की संपूर्ण धनराशि ब्याज सहित जीपीएफ खाते में भेजे जाने, स्थानांतरण से आए शिक्षकों के वेतन आदेश शीघ्र निर्गत करने, आदर्श कन्या इण्टर कॉलेज खेतासराय का तीन माह से बाधित वेतन भुगतान करने, सहदेव इण्टर कॉलेज भोड़ा मड़ियाहूं के शिक्षकों अशोक कुमार, जितेंद्र कुमार सुदीप कुमार सिंह, दयाशंकर यादव का लंबित अवशेष देयक भुगतान करने तथा सर्वोदय इंटर कॉलेज सुदनीपुर मड़ियाहूं के संजीव कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार, सुरेश कुमार, राहुल यादव,अभय प्रताप यादव शिक्षकों को चयन वेतनमान दिए जाने की मांग प्रमुख रही। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के मेडिकल एवं अर्जित अवकाश को मानव संपदा पोर्टल पर अपडेट करने, चयन बोर्ड 2021 से चयनित शिक्षकों की सेवा पुस्तिका एवं मानव संपदा अपडेट,ओपीएस से आच्छादित शिक्षकों के आवंटित खाता संख्या का मानव संपदा पर अंकन, प्रोन्नत वेतनमान एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की एसीपी पत्रावलियों का निस्तारण, तथा मानव संपदा पोर्टल से संबंधित आईडी-पासवर्ड को व्यक्तिगत एवं गोपनीय मानते हुए बिना सहमति के न मांगे जाने का आदेश निर्गत करने की मांग शामिल है। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को तलब कर संगठन का पत्रक सौंपते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि शिक्षकों की समस्याएं अनावश्यक रूप से लंबित क्यों रखी जा रही हैं। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण में देरी के लिए कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हैं, जबकि वास्तविकता कुछ और है। वहीं जिलाध्यक्ष राजेश्वर ने आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक न तो कार्यालय में उपलब्ध रहते हैं और न ही फोन उठाते हैं, जिससे शिक्षक वर्ग परेशान है। प्रांतीय अध्यक्ष ने 5जनवरी को प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय के घेराव को सफल बनाने में शिक्षकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलनात्मक निर्णय लेने को विवश होगा।
― Advertisement ―
संघ का वर्ष प्रतिपदा उत्सव व पथ संचलन आयोजित
जौनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से वर्ष प्रतिपदा उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन बीआरपी इंटर कॉलेज परिसर में किया गया। कार्यक्रम...
शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Next article


