Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरविद्यालय से टैबलेट सहित हजारों का सामान उठा ले गए चोर

विद्यालय से टैबलेट सहित हजारों का सामान उठा ले गए चोर

खुटहन। प्राथमिक विद्यालय गोसाईंपुर के कार्यालय और कक्षा कक्ष के कमरे का ताला रेतकर चोर दो सरकारी टैबलेट, चार्जर और कुर्सियां उठा ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह होने पर प्रधानाध्यापक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है।

प्रधानाध्यापक प्रेमचंद यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह सोमवार को तीन बजे बच्चों की छुट्टी होने के बाद विद्यालय में ताला बंद कर घर चला गया। सुबह जब स्कूल पहुंचा तो कार्यालय का ताला टूटा हुआ मिला। भीतर देखा तो दो टैबलेट, चार्जर व पांच कुर्सियां नदारत थीं।

नगर में सुबह 10 से 5 बजे तक बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति

जौनपुर। बिजली से जुड़ा मरम्मत कार्य होने के कारण ११फरवरी बुधवार को सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक बिजली संकट रहेगा। क्षेत्र के अवर अभियंता नीरज गुप्ता ने बताया कि आहियापुर उपकेन्द्र से संचालित विद्युत सुबह १० बजे से शाम ५ बजे बाधित रहेगा।

अवर अभियंता ने बताया कि 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र पर अहियापुर पर बुधवार को 33के.एन ब्रेकर एवं पैनल लगाने का कार्य किया जायेगा। जिस कारण सुबह 10 बजे से सायं ५ बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। अवर अभियंता ने बता किया यह कार्य आगामी गर्मी एवं बारिश के दिनो में विद्युत व्यवधान को कम करने के लिए कराया जा रहा है। उन्होने क्षेत्र की जनता से अपील किया कि सुबह १० बजे के पहले की रोज के जरूरी कार्यों को निपटा लें।

कंपोजिट विद्यालय सराय त्रिलोकी में बच्चों को दी गई दवा

जौनपुर। कंपोजिट विद्यालय सराय त्रिलोकी में 10 फरवरी को ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवसÓ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य के संकल्प के साथ कृमि नियंत्रण अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पेट के कीड़ों से सुरक्षित रखने के लिए एल्बेंडाजोल की गोलियां नि:शुल्क खिलाई गईं। यह अभियान कृमि संक्रमण से बचाव के लिए महत्वपूर्ण है। शिक्षकों ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व और कृमि संक्रमण से होने वाली बीमारियों, जैसे एनीमिया और कुपोषण, के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, जिनमें सुनीता देवी, रेखा चौहान, पंकज कुमार, पिंकी मौर्या और अतुला देवी उपस्थित रहे। इनके साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना सिंह, कंचन देवी और मधु सिंह भी मौजूद थीं।

मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 32हजार

  • मोबाइल पर आधार के अंतिम चार डिजिट मैसेज के बाद सिम हो गया बंद

खुटहन। सुइथाखुर्द गांव निवासी युवक अपने खाते से निकले 7हजार रूपयों की छानबीन करा रहा था कि हैकरो ने एक बार फिर उसके खाते को निशाना बना दिया। तीन बार में और 25 हजार उड़ा दिए। उसकी मोबाइल पर आधार कार्ड के लास्ट चार अंक का मैसेज आने के बाद सिम लाक हो गया। पीड़ित मंगलवार को बैंक जाकर खाते की डिटेल निकाला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।

गांव निवासी सिकंदर का यूबीआई बैंक की बिशुनपुर शाखा में खाता है। आरोप है कि एक सप्ताह पूर्व उसके खाते से सात हजार रुपए निकल गये थे। जिसको लेकर वह सोमवार को कस्टमर केयर का आनलाइन नंबर खोज अपने मोबाइल से फोन कर बात किया। कुछ देर बाद मोबाइल पर उसके आधार के अंतिम चार नंबरों का मैसेज आता है। फिर सिम का नेटवर्क गायब हो गया। दूसरे दिन बैंक शाखा पहुंचा तो उसका खाता साफ हो चुका था। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि पैसा तभी निकल सकता है जब आप किसी को ओटीपी बताएंगे या दिए गए लिंक को ओपेन कर देंगे। वहीं पीड़ित का दावा है कि उसने लिंक या ओटीपी शेयर नहीं किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इकलौते बेटे की मौत मामले में ट्रेलर चालक पर मुकदमा

जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के झुन्ना लाल यादव पुत्र स्व.समतुल्य यादव निवासी ग्राम बरैछाबीर ने चंदवक थाने में तहरीर देकर ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार झुन्ना ने सोमवार की शाम को करीब साढ़े सात बजे मेरा इकलौता पुत्र 30वर्षीय आकाश परसौड़ी अपने ननिहाल से बाइक से आ रहा था। मोढ़ैला नहर पुलिया के पास एक ट्रेलर ने पीछे से लापरवाही पूर्वक चलाते हुए टक्कर मार दिया। इससे आकाश की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। ट्रेलर को भी पकड़ लिया गया है।

बाइक की टक्कर से महिला सहित तीन घायल

मुंगराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र में मुंगरा कस्बे के समीप समीप जौनपुर-रायबरेली मार्ग पर मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 11बजे एक सड़क हादसे में वृद्ध महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। 61वर्षीय रेखा पांडेय पत्नी अनिल कुमार पांडेय निवासी ग्राम खाखोपुर, मछलीशहर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान सतहरिया निवासी 24वर्षीय संजय कुमार पुत्र प्रभाशंकर अपनी बाइक से मुंगरा बादशाहपुर की ओर आ रहा था। बाइक पर उसके पीछे 60 वर्षीय राजकुमारी पत्नी रामकुमार भी बैठी थीं। अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और पैदल चल रही रेखा पांडेय को टक्कर मार दी। जिसके बाद बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे सतहरिया चौकी इंचार्ज गंगा सागर मिश्रा ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भिजवाया। चिकित्सकों ने रेखा पांडेय की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

दो बाइक की टक्कर में तीन लोग घायल

जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के रजनीपुर ओवर ब्रिज के पास मंगलवार की सुबह दो बाइक की आमने सामने हुई टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। जिसमें एक को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जौनपुर के लिए रेफर कर दिया। कवेली गांव निवासी शनी गौतम, आनन्द गौतम निर्माणाधीन मकान में सरिया बांधने एक ही बाइक से जा रहे थे। जैसे ही उक्त स्थान पर पहुंचे की तेज रफ्तार से आ रहे साढ़ापुर गांव निवासी महेंद्र निषाद अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी जिससे तीनों बाइक सहित सड़क पर गिर गए। राहगीरों की ओर से पीएचसी सिंगरामऊ पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर अभिषेक वर्मा ने प्राथमिक उपचार करने के बाद महेंद्र निषाद को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

आवारा साड़ के हमले में पूर्व बैंक मैनेजर घायल, हालत गंभीर

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर शाहगंज मार्ग पर डाल्हनपुर कारगिल पेट्रोल पंप के पास आवारा सांड के हमले में पूर्व बैंक मैनेजर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है हालात नाजुक बनी हुई है।

बता दें कि सोमवार की शाम 7:30बजे कौड़िया मुरैना गांव निवासी सरायख्वाजा भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व मैनेजर अशोक यादव बाइक से किसी काम के सिलसिले में शहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान डाल्हनपुर कारगिल पेट्रोल पंप के पास रामनरेश रेस्टोरेंट के सामने आवारा सांड ने उन पर प्राण घातक हमला कर दिया और सांड के हमले में वह बाइक समेत सड़क के पर गिर पड़े  इस दौरान लोग दौड़े, जिससे वह  उन्हें छोड़कर भागा। लेकिन अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनको शरीर में कई जगह चोटे आई। घटना की सूचना पर भाई अश्वनी यादव लोगो के साथ पहुचे। उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।  जहां उनके हालात गंभीर बताई गई है। इसके पहले भी उस आवारा साङ के हमले मे तीन लोग घायल हो चुके हैं।

राजकीय आईटीआई में दिव्यांग ‘रोजगार मेला’ का आयोजन

जौनपुर। जिला सेवायोजन अधिकारी ने अवगत कराया है कि मिशन निदेशक, कौशल विकास एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश के कम में दिव्यांगजन अभ्यर्थियों को रोजगार प्रदान करने के दृष्टिगत रोजगार सप्ताह मनाया जा रहा है, तत्कम में 11 फरवरी को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिद्दीकपुर जौनपुर में जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वाधान में दिव्यांग रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की कम्पनियों प्रतिभाग कर रही है। उन्होंने अवगत कराया है कि रोजगार मेला में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ समस्त शैक्षिक अभिलेखों की छायाप्रति आईडीप्रूफ बायोडाटा सहित सेवायोजन वेब पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।

रोजगार मेंला 11फरवरी को

जौनपुर। जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन ने अवगत कराया है कि दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0 के अंतर्गत 11 फरवरी को प्रात:10:00 बजे से राजकीय आईटीआई, सिद्दीकपुर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

इस मेले में विभिन्न निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। मेले में सम्मिलित होने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं बायोडाटा की प्रतियां लाना अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय अवधि में संपर्क कर सकते हैं।

दबंगों ने रिहायशी मङहा फूका

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के  मंगतपुर मार्ग पर दबंगों ने एक रिहायशी मङहा फूक दिया ।जिससे पीड़ित का हजारो रुपए का सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार मंगदपुर गांव निवासी डोलई सोनकर की मंगतपुर मार्ग पर ज़ासोपुर पर रिहायशी मङहा रखकर उसमें रहते थे, अपने फसल की रखवाली भी करते थे। इसी दौरान आधी रात को किसी ने मङहा मे आग लगा दिया। जिसमें उनका खाने पीने का सामान बर्तन मङहा वह फर्नीचर जलकर राख हो गया। पीड़ित ने तत्काल मामले की सूचना 112 नंबर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

कफ सिरप मामले के आरोपित भोला जायसवाल की एनडीपीएस कोर्ट में हुई पेशी

जौनपुर। कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े चर्चित मामले में आरोपित भोला प्रसाद जायसवाल की मंगलवार को दीवानी न्यायालय स्थित एनडीपीएस कोर्ट में पेशी हुई। भोला प्रसाद जायसवाल, शुभम जायसवाल के पिता हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने फर्म शैली ट्रेडर्स के माध्यम से जौनपुर जिले की 12 फर्मों के जरिए लगभग 42.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। औषधि विभाग की जांच में सामने आया है कि इन फर्मों के नाम पर बड़े पैमाने पर बिलिंग की गई है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस और विशेष जांच टीम (एसआईटी) इस पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल में जुटी हुई है। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है, जिससे संबंधित फर्मों की वैधता और उनके जरिए किए गए लेन-देन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जांच एजेंसियां इस बिंदु पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित कर रही हैं कि क्या इन फर्मों का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों के कारोबार को छिपाने के लिए किया गया। जिला प्रशासन और पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाने का भरोसा दिलाया है। साथ ही आरोपित की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। भोला जायसवाल की कोर्ट में पेशी को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा के बीच आरोपित को एनडीपीएस कोर्ट के न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 फरवरी की तिथि निर्धारित की गई है।

छात्रों ने विज्ञान प्रदर्शनी में दिखाए मॉडल

जौनपुर। चुरावनपुर स्थित मां गुजराती हायर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न मॉडल्स प्रस्तुत किए।

प्रदर्शनी में लगभग हर कक्षा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने समसामयिक और वैज्ञानिक विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें चंद्रयान-3, पर्यावरण एवं संसाधन से संबंधित जल चक्र, जल संरक्षण और वॉटर प्यूरीफिकेशन शामिल थे। भविष्य की तकनीक पर आधारित स्मार्ट सिटी और सोलर एनर्जी सिस्टम के मॉडल्स भी प्रदर्शित किए गए। जीव विज्ञान खंड में डीएनए मॉडल, हृदय, किडनी और ज्वालामुखी की कार्यप्रणाली को दर्शाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पत्रकारिता विभाग) के प्रोफेसर डॉ. मनोज मिश्र ने प्रत्येक स्टाल का दौरा कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कक्षा 4 के छात्र अनुराग जायसवाल ने अपने ‘हृदयÓ मॉडल के बारे में डॉ. मिश्र द्वारा पूछे गए तकनीकी सवालों के सटीक जवाब दिए, जिससे सभी प्रभावित हुए। डॉ.मिश्र ने अनुराग की प्रतिभा की सराहना की। विद्यालय के प्रबंधक सूर्यप्रकाश ‘बबलूÓ ने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में तार्किक सोच और आत्मविश्वास का विकास होता है। मुख्य अतिथि डॉ.मनोज मिश्र ने कहा, ‘इन बच्चों की आंखों में भविष्य के महान वैज्ञानिकों की चमक दिखती है। जिस तरह से एक कक्षा 4 के छात्र ने जटिल अंगों की कार्यप्रणाली समझाई, वह वाकई काबिले तारीफ है।

नारी जीवन की अनकही पीड़ा से प्रेरित पुस्तक हुई लांच

केराकत। क्षेत्र के बाबा घाट (नालापार) निवासी लेखक शक्तिमान मिश्रा की नारी जीवन की अनकही पीड़ा,मौन संघर्ष और अटूट आत्मबल को स्वर देने का प्रयास करता काव्य संग्रह ‘अनहदÓजो कभी न टूटा, मंगलवार को ऑनलाइन फ़्िलफ कार्ड और एमेजॉन प्लेटफॉर्म पर लांच कर दिया गया।इस संवेदनशील और भावनात्मक साहित्यिक प्रस्तुति का विमोचन आगामी 26 फरवरी को प्रस्तावित है। लेखक का मानना है कि यह कृति केवल कविताओं का संग्रह नहीं, बल्कि उन भावनाओं की गूंज है,जो नारी जीवन के भीतर निरंतर प्रवाहित होती रहती हैं और परिस्थितियों के बावजूद कभी नहीं टूटती है। इस काव्य संग्रह में नारी जीवन से जुड़े सामाजिक अन्याय, रिश्तों की जटिलताएँ, आत्मसम्मान, त्याग और संघर्ष जैसे विषयों को गहराई और सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक पाठकों को संवेदनाओं की ऐसी यात्रा पर ले जाती है, जहाँ वे नारी जीवन की पीड़ा और शक्ति दोनों को एक साथ महसूस कर सकते हैं। यह कृति समाज की हर माँ, हर बहन और हर स्त्री को समर्पित है। उनका विश्वास है कि इस पुस्तक का अध्ययन प्रत्येक व्यक्ति को करना चाहिए, विशेष रूप से महिलाओं को, ताकि उनके अंतर्मन को नई शक्ति और आत्मविश्वास प्राप्त हो सके। बता दें कि लेखक शक्तिमान मिश्र साहित्य,कला और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। वे एक लेखक, प्रेरक वक्ता, कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनकी रचनाएँ समाज में जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने का प्रयास करती हैं।उनकी यह कविता ना केवल साहित्यिक दृष्टि से एक सशक्त कृति है, बल्कि यह समाज में नारी सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश को भी मजबूती से प्रस्तुत करती है।

Share Now...