- 77वें स्वतंत्रता दिवस पर एक शाम राष्ट्रवीरों के नाम कार्यक्रम आयोजित
जौनपुर धारा, जौनपुर। 77वें स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर सामाजिक संस्था रोट्रैक्ट क्लब द्वारा लोहिया पर्यावरणीय पार्क में ‘एक शाम राष्ट्रवीरों के नाम’ थीम पर आधारित कायक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आए लोगों को माँ भारती की आजादी हेतु छिड़ी व्यापक लड़ाई में असंख्य वीर सपूतों द्वारा दिये गए सर्वोच्च बलिदान के बारे में पोस्टर प्रदर्शनी, क्विज, भाषण एवं उनके विचारों की प्रस्तुति के माध्यम से आमजनमास तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर दर्जनों बच्चों ने भाषण, गायन व नृत्य विधाओं का प्रदर्शन किया और उन्हे क्लब द्वारा उपहार स्वरूप मिष्ठान, चाकलेट, फलदार एवं औषधीय गुणों वाले पौधे: आंवला, अमरूद, जामुन, करौंदा, शहजन, नीम, गिलोय, तुलसी प्रदान किए गये एवं उन्हें उनकी उचित देखभाल हेतु संकल्प भी दिलाया गया। मुख्य अतिथि जिला उद्यान अधिकारी डा. सीमा सिंह राणा ने कार्यक्रम में सहभागिता किए सभी बच्चों एवं महिलाओं को स्वतंत्रता के मूल भाव तथा भारत को आजाद कराने वाल्व सभी राष्ट्रवीरों की वीरगाथाओं से परिचित कराया। रोट्रैक्ट अध्यक्ष कुँवर शेखर गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय की युवा पीढ़ी हमारे देश के महानायकों की जीवन गाथा व उनके आदर्शों को भूलती जा रही है, जो बहुत ही चिंताजनक है। कार्यक्रम संयोजक राज सैनी ने सभी आगंतुकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को अपने राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर क्लब सचिव कुलदीप योगी, कोषाध्यक्ष अनन्या गुप्ता, क्लब डायरेक्टर्स चंद्रकेतु सिंह, नवीन शेखर, प्रमोद गुप्ता, राज सैनी, प्रदीप यादव, दिव्या पाल समेत अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।



