जौनपुर। मौसम के मिजाज में मंगलवार को अचानक बदलाव आ गया। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण जनपद में हुई रिमझिम बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। बारिश के कारण बाजारों में सन्नाटा पसर गया और शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। यह बारिश अधिकांश फसलों के लिए फायदेमंद बताई जा रही है। दो दिन से आसमान में बादल मडरा रहे थे। सुबह की शुरूआत तेज धूप से हुई लेकिन दोपहर बाद से ही तेज हवा के साथ मौसम ने करवट लिया और देखते ही देखते आसमान में बादलों का पूर्ण बसेरा हो गया। शाम होते-होते बूंदाबांदी शुरू हुई और रिमझिम बारिश होने लगी। मौसम में बदलाव के कारण ठंड के साथ गलन भी बढ़ गई। मौसम में हर दिन बदलाव से बारिश होने की आशंका जताई जा रही थी। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव से लोगों की सेहत बिगड़ रही है। लोग वायरल संक्रमण, सर्दी-जुकाम, फ्लू, एलर्जी और पेट से जुड़ी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है। चिकित्सकों ने स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक आहार, पर्याप्त पानी, गर्म कपड़े और स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह दी है। मौसम में बदलाव के कारण असंतुलन का असर लोगों के व्यवहार और दिनचर्या पर पड़ रहा है। तेज हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर चल रहे राहगीरों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली, जबकि बाजारों में दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं। कई दुकानों के शटर गिर गए और चहल-पहल वाला बाजार कुछ ही देर में सूना पड़ गया। मौसम के इस अचानक बदलाव का असर ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला। खेतों में काम कर रहे किसान अपना काम छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर लौटते दिखे। दिन में छाए घने बादलों और तेज हवाओं ने लोगों को मौसम के बदले मिजाज का एहसास करा दिया।
― Advertisement ―
अमृत 2.0 के तहत वाराणसी में पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी
वाराणसी। अमृत 2.0 योजना के तहत वाराणसी में 814 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाओं को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। नगर निगम...
मौसम का फिर बदला मिजाज, रिमझिम बारिश ने बढ़ाई ठंड



