- जिलाधिकारी के यहां हुई थी वित्तीय अनियमितता की शिकायत
जौनपुर धारा, जौनपुर। धमार्पुर ब्लॉक के गोपालपुर गांव में मनरेगा द्वारा कराए गए कार्यों में वित्तीय अनियमितता की शिकायत पर पहुंची तीन सदस्यीय टीम ने स्थलीय सत्यापन किया तथा देर तक कराए गए कार्यों की नाप जोख करती रही।
गोपालपुर गांव निवासी रवि शंकर राय ने 28 दिसंबर 22 को जिलाधिकारी के यहां प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि मनरेगा द्वारा कराए गए तालाब समतलीकरण तथा खेल के मैदान के कार्यों में वित्तीय अनियमितताएं की गई है जिसकी जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ सकती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जी भरत सिंह, एडीओ पंचायत लालजी राम तथा खेलकूद के ब्लॉक प्रभारी दिलीप कुमार की 3 सदस्य टीम ने सोमवार को गांव में पहुंचकर मनरेगा द्वारा कराए गए कार्यों की स्थलीय समीक्षा की तथा टीम द्वारा देर तक नाप जोख करवाई गई। इस मामले में पूछे जाने पर एडीओ पंचायत लालजी राम ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर स्थलीय निरीक्षण किया गया है। अभी जांच आगे भी जारी रहेगी जो भी जांच रिपोर्ट होगी वह उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी जाएगी।



