जौनपुर। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र ने की। मुख्य अतिथि के रूप में कीर्ति चक्र से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल पुष्पेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. राहुल सिंह और विश्वविद्यालय के उपकुलसचिव डॉ. अजीत प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान द्वारा अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने से हुई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा-भाव, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं ने भारतीय लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लोकगीत प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. मनोज मिश्र ने कहा कि लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की आधारशिला हैं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही उनका संरक्षण संभव है। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल पुष्पेंद्र सिंह ने युवाओं को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना से समाज व राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रो. राहुल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। डॉ. अजीत प्रताप सिंह ने शिक्षा को चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का माध्यम बताया। समापन सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र पाठक, अब्दुल हक अंसारी, डॉ. जीवन यादव, आर.पी. सिंह, डॉ. ममता सिंह, डॉ. नीलेश सिंह, डॉ. अमित जायसवाल, डॉ. विवेक विक्रम सिंह, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. सतीश दुबे, डॉ. राखी सिंह सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुमित सिंह ने किया।
― Advertisement ―
खालसापट्टी ने जीता उद्घाटन मैच, तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ आगाज
खुटहन। खालसापट्टी में आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार को जोश और उत्साह के बीच शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि रमेश सिंह ने पिच...
मएच पीजी कॉलेज में एनएसएस शिविर का भव्य समापन



