- पूरे प्रदेश में जन जागरण के लिए जाएगा पेंशन रथ : डॉ. प्रदीप सिंह
- 27 जून को चारबाग स्टेडियम लखनऊ में होगी हुंकार रैली
जौनपुर धारा, जौनपुर। बुधवार पुरानी पेंशन योजना बहाली संयुक्त मंच जौनपुर द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश संयोजक इं. हरि किशोर तिवारी के नेतृत्व में जनपद में आये पेंशन भ्रमण रथ का पूरे उत्साह के साथ जिले में भव्य स्वागत किया गया।
पेंशन भ्रमण रथ के साथ चल रहे प्रदेश पदाधिकारियों का जिले के समस्त विभागों के केंद्रीय एवं राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों तथा पेंशनर्स ने कुल्हनामऊ मोड़ से कलेक्ट्रेट परिसर जौनपुर तक सैकड़ों दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों के साथ विभिन्न विभागों के कार्यालयों के समक्ष रुकते हुए पुरानी पेंशन बहाल करो के नारे के साथ लगभग 10 किमी लंबा काफिला निकाला। प्रदेश संयोजक हरि किशोर तिवारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित धरना स्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पेंशन हमारा अधिकार है। इस संघर्ष वर्ष में हर हाल में हम इसे हासिल करेंगे। उन्होंने 27 जून को चारबाग स्टेडियम लखनऊ में आयोजित हुंकार रैली मे सभी से आने की अपील किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में हुये आंदोलन के परिणाम स्वरूप देश के 6 राज्यों में पुरानी पेंशन योजना लागू हो चुकी है। अब केंद्रीय स्तर पर इसे लागू कराने हेतु मानसून सत्र में संसद भवन का भी घेराव किया जाएगा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप सिंह ने कहा कि पेंशन कोई भीख नहीं है बल्कि यह संविधान प्रदत्त कर्मचारी एवं शिक्षकों का मौलिक अधिकार है। जनपद में आया पेंशन रथ जन जागरण हेतु पूरे प्रदेश में जाएगा। कार्यक्रम का संचालन कर रहे पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सीबी सिंह ने कहा कि नई पेंशन योजना विभेदकारी एवं विनाशकारी है। सर्वप्रथम पीएफआरडीए काला कानून रद्द होना चाहिए। पेंशन भ्रमण रथ कार्यक्रम में प्रदेश से डॉ. नरेश कुमार, इंद्र प्रताप सिंह, राकेश कुमार चौधरी तथा जनपद में परिषद के संरक्षक राकेश कुमार श्रीवास्तव, माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुधाकर सिंह एवं मंत्री प्रमोद सिंह, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. अतुल प्रकाश यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमित सिंह, परिषद के जिला मंत्री देवेश कुमार यादव, इं. शशीकांत यादव, जय प्रकाश गुप्ता, ओम प्रकाश यादव, अजय सिंह, डॉ. फूलचंद कनौजिया, रामकृष्ण पाल, इं. सुजीत विश्वकर्मा आदि सैकड़ों कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीबी सिंह ने किया।



