सिकरारा।क्षेत्र के देहजुरी(गोपालपुर) निवासी अमर सेनानी और पूर्व विधायक पं.सूर्यनाथ उपाध्याय की 28वीं पुण्यतिथि गुरुवार को उनके पैतृक गांव में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन गांव के श्रीक्षेमकरण विद्यालय परिसर में स्थित स्वर्गीय अमर सेनानी की प्रतिमा स्थल पर किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष और पूर्व प्रमुख सुधाकर उपाध्याय ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि भारत माता को आजादी दिलाने में पं.सूर्यनाथ उपाध्याय के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे फिरंगियों की दमनकारी नीतियों के आगे कभी नहीं झुके, बल्कि उनसे लगातार संघर्ष करते रहे। सुधाकर उपाध्याय ने आगे बताया कि अपने तीन बार के विधायक कार्यकाल में पं.सूर्यनाथ उपाध्याय रारी और मड़ियाहूं के साथ-साथ पूरे जनपद के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहे। विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में पंडित सूर्यनाथ उपाध्याय ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था और फिरंगियों के दमन के आगे वे तनिक भी नहीं झुके। उनके आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। विद्यालय परिसर में बनी अमर शहीद की प्रतिमा पर उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्व.उपाध्याय के प्रपौत्र अनिल उपाध्याय पप्पू, अविनाश उपाध्याय कान्हा और अवनीश उपाध्याय लल्ला ने आगंतुकों का स्वागत किया। आभार ज्ञापन उपाध्याय के छोटे पुत्र और पूर्व प्रधानाचार्य अभयराज उपाध्याय ने किया। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष अमित सिंह, श्याम नारायण उपाध्याय, ईश्वरी प्रसाद मिश्रा, सतेंद्र उपाध्याय सीबू, अथर्व उपाध्याय, वेदांत उपाध्याय, राममिलन पाठक, पुरुषोत्तम शर्मा, भूपेंद्र सिंह मंगली, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण मौर्या, पूर्व प्रधान वैजनाथ यादव, संदीप मिश्रा, विशाल सिंह, शिवधारी यादव, नंद कुमार यादव, राकेश मिश्रा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
अश्लील वीडियो बनाकर धमकी देकर पैसा लेने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त साहेबजादे (32वर्ष) पुत्र सफीउल्ला निवासी ग्राम सदरूद्दीनपुर को 8 जनवरी को दोपहर 12:10 बजे बंधवारे वीर मई हाइवे तिराहा के पास से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतीश कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में यह गिरफ्तारी हुई। उपनिरीक्षक हैदर अली और उनके सहयोगी कर्मचारियों ने थाना बक्शा में पंजीकृत मुकदमा संख्या06/2026, धारा 308(5)77/333/79/351(3) बीएनएस के तहत अभियुक्त को गिरफ्तार किया। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हैदर अली, कांस्टेबल वीरेंद्र विश्वकर्मा और कांस्टेबल जितेंद्र सिंह शामिल थे।
ऋण गृहताओं को ऋणमुक्त होने का सुनहरा अवसर
जौनपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) नीरज पटेल ने अवगत कराया है कि उ.प्र.अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास नि.लि.जौनपुर के ऐसे ऋण गृहीता जिन्होने निगम की विभिन्न योजनाओं जैसे स्वत: रोजगार, स्वच्छकार विमुक्ति, अनुविनी तथा राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आदि से ऋण प्राप्त किया था, लेकिन किसी कारणवश अभी तक जमा नही किया है। उनके लिए एक मुश्त समाधान योजना संचालित किया जा रहा है। जिसमे जो व्यक्ति अपना बकाया ऋण एक मुश्त के रूप में जमा करेगा उस ऋण गृहता को दण्ड ब्याज, चक्रवृद्वि ब्याज, तथा योजना अवधि से अधिक वर्षो का ब्याज माफ किया जायेगा और योजना अवधि का साधारण ब्याज लेकर ऋण खाता बन्द कर दिया जायेगा। एक मुश्त समाधान योजना का संचालन 01 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक ही रहेगा। अत: अतिशीघ्र कार्यालय जिला प्रबन्धक उ.प्र.अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास नि.लि.जौनपुर, विकास भवन प्रथम तल पर उपस्थित होकर एक मुश्त समाधान योजना का लाभ प्राप्त करें, और अपना ऋण खाता बन्द कराकर सिविल स्कोर बढ़ाये। एक मुश्त समाधान योजना के प्रमुख लाभों के बारे में बताया है कि ऋण के दण्ड ब्याज से मुक्ति, चक्रवृद्वि ब्याज से मुक्ति, ऋण योजना से अधिक अवधि के ब्याज, दण्ड तथा चक्रवृद्वि ब्याज से मुक्ति, सिविल स्कोर में सुधार होगा।
एक विषय पर ही स्वीकार होगा आवेदन
जौनपुर। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने अवगत कराया है कि रजिस्ट्रार/निरीक्षक, उ.प्र.मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ के द्वारा अवगत कराया गया है कि उप्र मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ द्वारा परीक्षा वर्ष 2026 के एक विषय के परीक्षा का आयोजन होना है। उ.प्र.मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ द्वारा संचालित मुंशी/मौलवी, आलिम की परीक्षा के वैकल्पिक विषयों में से किसी एक विषय के लिए ही ”एक विषय’ का आवेदन स्वीकार्य होगा। वैकल्पिक विषयों का विवरण के बारे में अवगत कराते हुए बताया है कि मुंशी/मौलवी वैकल्पिक विषय के लिए गणित, गृह विज्ञान, लॉजिक एण्ड फिलॉ साफी, विज्ञान सामाजिक अध्ययन और आलिम वैकल्पिक विषय गृह विज्ञान, सामान्य हिन्दी, लॉजिक एण्ड फिलॉ साफी होगा। उन्होंने आमजनमानस को अवगत कराया है कि समयान्तर्गत समस्त अनुदानित/गैर अनुदानित मान्यता प्राप्त मदरसों के प्रधानाचार्य अपने-अपने मदरसे में संलग्नक प्रारूप पर सम्बन्धित इच्छुक परीक्षार्थियों से परीक्षा आवेदन पत्र प्राप्त करने एवं निर्धारित शुल्क जमा करने के उपरान्त मदरसों द्वारा परीक्षार्थियों का विवरण जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के कार्यालय को 19 जनवरी तक प्रत्यके दशा में उपलब्ध करा दें।
जनपद न्यायालय के अवकाश की तिथियां घोषित
जौनपुर। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने अवगत कराया है कि जनपद जौनपुर के न्यायालयों में वर्ष 2026 के दौरान अवकाश एवं कार्य दिवसों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई है। उन्होने बताया है कि उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देशों के क्रम में जनपद न्यायालय, जौनपुर में निम्नलिखित तिथियों को अवकाश घोषित किया गया है। 14 जनवरी मकर संक्रांति, 20 मार्च (शुक्रवार) अलविदा जुम्मा, 25 मार्च अष्टमी, 17 सितम्बर, विश्वकर्मा पूजा, 24 नवम्बर 2026 (मंगलवार) कार्तिक पूर्णिमा/गुरु नानक जयंती। इसके अतिरिक्त, न्यायालय अधिवक्ता संघ द्वारा प्रस्तावित अवकाश के अनुसार 15 फरवरी के एवज में 10 नवम्बर को भइया दूज के अवसर पर अवकाश, 08 नवम्बर के एवज में 28 अगस्त को रक्षा बन्धन के अवसर पर अवकाश घोषित किया गया है।
पेट्रोल पम्प पर जनमानस के व्यवस्थाओं का रखा जाय ख्याल : जिलाधिकारी
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में जनपद में स्थापित पेट्रोल पम्पों के रिटेल आउटलेट पर जनसामान्य की शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सभी पेट्रोल पम्प धारकों को अपने पेट्रोल पम्प पर जनमानस के उपयोगार्थ स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ शौचालय आदि की व्यवस्था 15 जनवरी तक पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये गये है, साथ ही यह भी निर्देश दिये गये कि उक्त तिथि के उपरान्त यदि निरीक्षण के दौरान किसी भी पेट्रोल पम्प पर शौचालय की साफ-सफाई एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं गयी तो ऐसे पेट्रोल पम्प पर मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइन-2005 के तहत दण्डात्मक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी अजय अंबष्ट, जनपद के समस्त पेट्रोल पम्पधारकों, पेट्रोल पम्प यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, आईओसीएल (पेट्रोलियम) के विक्रय प्रबन्धक मुनेन्दर कुमार एवं मुकेश कुमार, बीपीसीएल(पेट्रोलियम) के विक्रय प्रबन्धक उत्कर्ष वैश्य, एचपीसीएल (पेट्रोलियम) के विक्रय प्रबन्धक आयुश सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य उपस्थित रहे।
यूजी पीजी के भरे परीक्षा फार्मो मे संशोधन का आखिरी मौका
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने स्नातक परास्नातक कक्षाओ के परीक्षा फार्म समर्थ पोर्टल पर भरे गए। परीक्षा फॉर्म में कोई भी संशोधन का आज अंतिम मौका दिया है। मामले की सूचना सभी कॉलेजों को भी भेज दी गई है। बता दें जौनपुर-गाजीपुर में स्नातक परास्नातक प्रथम वर्ष के परीक्षार्थियों द्वारा भरे गए, जिसमें यूजी पीजी के बीएड एमएड, बीपीएड, बीपीईएस, बीलिव एलएलबी, एलएलएम के प्रथम सेमेस्टर संस्थागत एवं बीएससी कृषि एमएससी कृषि के पहला तीसरा पांचवा सातवां नौवा सेमेस्टर के सस्थागत, कैरी फारवर्ड में समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फॉर्म भरे गए हैं। जिनमे समर्थ पोर्टल पर मेल फीमेल या विषय संशोधन करना है इसके लिए उन्हें एक दिन का अवसर दिया गया है, कि वह समर्थ पोर्टल पर भरे गए परीक्षा फॉर्म में अगर कोई भी त्रुटि संशोधन है, तो वह अपने कॉलेज के लेटर पैड पर लिखवा कर विश्वविद्यालय से संबंधित कार्यालय में उपलब्ध कराए। इस सम्बंध में परीक्षा नियंत्रक डॉ.विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कोई भी संशोधन है।
तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, गहरी खाई में गिरने से गम्भीर रूप से घायल
खेतासराय। लुंबिनी-दुद्धी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज गति से आ रही एक कार ने बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव निवासी मोहम्मद रईस (50वर्ष) पुत्र अब्दुल लतीफ रोज की तरह मानीकला स्थित अपनी इलेक्ट्रॉनिक दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह मनेछा गांव में स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट वीडीआई कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार वाहन समेत सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद आस-पास के लोग और राहगीर मौके पर जुट गये। लोगों को एकत्र होता देख कार सवार मौके से फरार हो गया। हालांकि वहाँ लोगों ने कार का नंबर नोट कर तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को निजी अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल में जुट गई।
1098पर कॉल कर दें बाल विवाह की सूचना, मिलेगी तत्काल मदद : चंदन राय
जौनपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को रोकने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098पर कॉल कर कोई भी व्यक्ति बिना पहचान उजागर किए सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले को न तो थाने बुलाया जाएगा और न ही उसका नाम सार्वजनिक किया जाएगा। यह बात जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पांडेय ने गुरुवार को स्थानीय थाने के प्रांगण में बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कराने में केवल माता-पिता ही नहीं, बल्कि विवाह संपन्न कराने वाले पंडित, नाई, टेंट हाउस संचालक, मैरिज लॉन मालिक, डीजे संचालक तथा गलत जन्म प्रमाण पत्र जारी करने वाले भी समान रूप से कानूनन दोषी माने जाएंगे। समाज को लड़का-लड़की के बीच भेदभाव समाप्त करना होगा, तभी बाल विवाह पर प्रभावी रोक संभव है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में प्रधान, सभासद, चेयरमैन जैसे ग्रामीण नेतृत्वकर्ताओं को भी इस अभियान से जोड़ने और जिम्मेदारी तय करने को लेकर शासन स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इस अवसर पर चेयरमैन फिरोज खान, थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल एवं एसएसआई अरविंद सिंह ने भी लोगों को बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी। इस मौके पर शीतला प्रसाद गिरी, लालबहादुर यादव, चौकी प्रभारी राधेश्याम सिंह, तेजबहादुर सिंह, पंकज पूरी, जयशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


