जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के नाथुपुर रेलवे क्रासिंग का बूम सोमवार की रात को डीजे वाहन के टक्कर से टूट गया।जिसके चलते काफी दिक्कत हुई। आरपीएफ के जवानों को पहुंचकर वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से संचालित कराया।
ज्ञात हो जगदीशपुर रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज का काम शुरू हो गया है। जिसके चलते बाइक को छोड़ सभी वाहनों को उक्त रेलवे क्रासिंग से निकाला जा रहा है। क्रासिंग पर वाहनों का आवागमन बहुत अधिक बढ़ गया है। सोमवार की रात लगभग सात बजे एक डीजे वाहन की टक्कर से ऊक्त बूम टूट गया। गेटमैन ने स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार को सूचना दिया। उन्होंने आरपीएफ के जवानों को वाहनों के संचालन के लिए भिजवाया। उसके अलावा मेंटनेंस विभाग को बूम ठीक करने को कहा। लगभग तीन घण्टे तक आरपीएफ के जवानों ने क्रासिंग पर मौजूद रहकर आवागमन को सुचारु ढंग से संचालित कराया। नौ बजकर 10 मिनट पर बूम ठीक हुआ। स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि बूम टूटने से हिमगिरि एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस, सुल्तानपुर पैसेंजर तथा तीन मालगाड़ियों को पांच से पंद्रह मिनट का प्रभाव पड़ा। आरपीएफ चौकी प्रभारी प्रभुनारायण सिंह ने बताया कि बूम तोड़ने वाले डीजे वाहन को चिन्हित कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक व वाहन को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
अवैध तमंचे संग एक गिरफ्तार
जौनपुर। सुजानगंज थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष सुजानगंज के कुशल नेतृत्व में अवैध असलहे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार की रात एक अभियुक्त को देशी तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार तेजीबाजार पोखरा मोड़ के पास मंगलवार देर रात लगभग 01:15बजे चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में युवक के पास से एक देशी तमंचा.315बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। विकास सिंह पुत्र हेमन्त सिंह, निवासी ग्राम शाहपुर नेवादा, थाना महराजगंज, जौनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ मु.अ.सं. 323/2025, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीएलओ ने खाया जहर, लगाया काम में प्रेशर डालने का आरोप
जौनपुर। सरायख्वाजा क्षेत्र के ग्राम मलनी गांव निवासी बीएलओ ने जिला गोंडा के जैतपुर माझा में ड्यूटी के दौरान जहर खा लिया है।सहायक अध्यापक विपिन यादव ने अस्पताल में इलाज के दौरान मतदाता पुनरीक्षण कार्य को लेकर तरबगंज एसडीएम व नवाबगंज बीडीओ और लेखपाल पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। आगे उन्होंने कहा कि इसी परेशानी के कारण उन्होंने जहर खा लिया।
हालांकि जहर खाने के बाद अचेत होकर गिरे बीएलओ को वहां मौजूद लोगों ने गोंडा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां हालत बिगड़ने पर इलाज के लिए लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज ट्रॉमा सेंटर उन्हें भेज दिया गया है। बीएलओ विपिन के जहर खाने के इस मामले में गोंडा की जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने पारिवारिक कारणों से परेशान होकर जहर खाना बताया है। हालांकि, विपिन यादव ने अपने बयान में काम को लेकर प्रेशर बनाने का आरोप लगाया है।
कार से कुचलकर हत्या के प्रयास में तीन आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर। कार से कुचलकर हत्या करने के प्रयास के सनसनीखेज मामले में लाइन बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस घटना में एक युवती भी शामिल पाई गई है।
पुलिस के अनुसार वादी अपने साथियों के साथ बन्धन वाटिका मैरेज हाल जा रहा था, तभी होंडा सिटी कार सवार आरोपियों ने पहले पीछा किया और विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से बुलेट मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वादी व उसके साथी घायल हो गए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जेसीज चौराहा के पास से तीनों वांछित—प्रीतम यादव, विनय गिरी और युवती खुशी—को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार भी बरामद की गई।
बरात निकलने के पहले थाने पहुंची प्रेमिका, रूका विवाह
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के लवायन गांव में बेटे की शादी के लिए इधर धूमधाम से बरात निकलने की तैयारी हो रही थी, उधर दूल्हे की प्रेमिका थाने पहुंच गई। उसने शादी की तैयारी कर रहे दूल्हे के खिलाफ थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि मुझसे शादी का झांसा देकर चार वर्षों पूर्व से ही शारीरिक संबंध बनाता रहा है। अब वह चोरी से शादी करने जा रहा है।
आरोप के आधार पर पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया। वधू पक्ष के लोग देर शाम तक बरात आने की बाट जोहते रहे। बाद में मामला खुलने पर वह भी बेटी की शादी करने से इंकार कर दिया। गांव निवासी रवी पासवान का विवाह इसी थाना क्षेत्र के एक गांव में तय हुआ था। गत सोमवार की शाम बरात जाने वाली थी। तभी वहां पहुंची पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने ले आई। रवी पासवान झारखंड प्रांत में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। वहीं की एक महिला सोमवार को थाने पहुंच आरोप लगाया कि रवी पासवान उससे शादी करने का झांसा देकर चार वर्षों से शारीरिक संबंध बनाता रहा है। वहां से चोरी छिपे भागकर घर चला आया। शादी की जानकारी होते ही वह झारखंड से थाने आकर पुलिस से शिकायत कर दिया। वधू पक्ष के लोग देर शाम तक बरात न आने पर फोन से संपर्क किए तो मामले की सच्चाई ज्ञात हुई। कन्या के पिता भी थाने पहुंच गए। उन्होंने भी बेटी की शादी करने से इंकार कर दिया।
धान काटने की मशीन कराई गई सीज
जौनपुर। पराली प्रदूषण नियंत्रण के क्रम में कृषि विभाग की टीम ने सोमवार शाम को शाहगंज ब्लॉक के अरगूपुर खुर्द गांव में धान की कटाई का औचक निरीक्षण किया। गांव में बिना सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के धान की फसल की कटाई की जा रही थी। जिसे सीज करने के लिए उप कृषि निदेशक हिमांशु पांडेय ने सीज करने के लिए कोतवाली शाहगंज भेज दिया गया। कोतवाली में मशीन के सीजर की कार्रवाई की गई। गांव स्थित धन के खेत में पराली जलाई जा रही थी जिसे तत्काल बुझाकर कृषकों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान एवं दण्ड से अवगत कराया गया। सहायक विकास अधिकारी कृषि धर्मेंद्र कुमार, तकनीकी सहायक राजकुमार यादव, संतोष चौधरी, पंकज कुमार, आरक्षी आशीष यादव उपस्थित रहे।
कुयें में मिली लाश, बेटे का पिता पर हत्या का आरोप
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के एत्मादपुर गांव में मंगलवार को उस वक्त हडकंप मच गया, जब गांव के पास स्थित एक कुएं में एक महिला की लाश तैरती मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड जुटी रही। मृतका की पहचान 36 वर्षीया गीता देवी पत्नी सतीश कुमार यादव के रूप में हुई। उनका शव घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित कुएं में मिला। परिजनों ने महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया है। बेटों ने अपने पिता द्वारा माँ की हत्या का करने का आरोप लगाया है। मृतका के के तीन बेटे हैं अंशु यादव, प्रांजल यादव और 13 वर्षीय श्रेयांश यादव करता है, 16 वर्षीय बेटे प्रांजल यादव ने बताया कि पिता का गांव की एक महिला से प्रेम संबंध चल रहा था। सोमवार की रात घर में विवाद हुआ, जिसके बाद मां ने बच्चों का कमरा बाहर से बंद कर दिया। ष्हम लोग खाना खाकर सो गए। सुबह उठे तो मां नहीं मिलीं। खोजबीन में पता चला कि कुएं में किसी ने हत्या कर लाश फेंक दी। परिवार का आरोप है कि सतीश कुमार यादव की गांव की एक महिला से संबंध था। इसी को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। पुलिस ने इन्द्रकला पासवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की बहन अनीता यादव ने बताया कि इन दोनों में श्चार साल से विवाद चल रहा था। सतीश अक्सर प्रेमिका के चक्कर में गीता से झगडा करता था।ष् चार साल पहले उसने गीता को बहुत बुरी तरह मारा था। हम समझाने गए तो गालियां दीं। हम लोग ही खर्चा चलाते थे। तीन बच्चे हैं, उनके साथ इंसाफ होना चाहिए।
नाबालिग के अपहरण के आरोपी को तीन वर्ष की कैद
जौनपुर। अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय रूपाली सक्सेना की अदालत ने 6 वर्ष पूर्व खेलते समय समय नाबालिग लड़की के अपहरण व उसके साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी युवक को दोषसिद्ध पाते हुए 3 वर्ष के कठोर कारावास व जुर्माने से दंडित किया। अभियोजन कथानक के अनुसार मड़ियाहूं थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अभियोग पंजीकृत करवाया कि उसकी साढे 16 वर्षीय पुत्री 31 जुलाई सन 2019 को शाम 7 बजे अपने घर के दरवाजे के सामने खेल रही थी। तभी दो व्यक्ति मुंह बांधकर आए और उसे उठा ले गए। उन लोगों ने फोन करके सुमित मोदनवाल को बुलाया और सुमित उसकी पुत्री के साथ अश्लील हरकत किया और उसको जबरदस्ती चार पहिया वाहन की डिग्गी में डालकर भंडारी रेलवे स्टेशन के अंडर ब्रिज में अंधेरे में फेंक कर भाग गया। पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। शासकीय अधिवक्ता वेद प्रकाश तिवारी व रमेश चंद्र पाल ने अभियोजन पक्ष की पैरवी किया।


