शाही किले में तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 623 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
जौनपुर। ऐतिहासिक शाही किले में मंगलवार को तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए. के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया, जिससे पूरा परिसर सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो उठा। महोत्सव के प्रथम दिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 623जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 11 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी विधिवत संपन्न कराया गया। नवविवाहित जोड़ों को प्रभारी मंत्री ए. के. शर्मा, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधायक डॉ.आर.के. पटेल, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या समेत अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने आशीर्वाद दिया। प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से आयोजन को और आकर्षक बनाया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।



