- कहा, हेलमेट लगाकर बाइक चलाने के लिए युवाओं को करें जागरूक
- दुकानों के बाहर रखे गए सामानों को हटवाया, कई का हुआ चालान
जौनपुर धारा, जौनपुर। शनिवार को यातायात पुलिस द्वारा कोतवाली से सूतहट्टी बाजार तक अस्थाई अतिक्रमण व पार्किंग के विरूद्ध संघन अभियान चलाकर सब्जी मंडी में अनावश्यक अतिक्रमण हटवाया गया। साथ ही लगातार बढ़ती जा रही जाम की समस्या लेकर यातायात निरीक्षक जीडी शुक्ला ने गल्ला मंडी में व्यापारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से समस्याओं पर सुझाव भी मांगा और कहा कि व्यापारियों के सहयोग से ही इस तरह की समस्याओं से निपटा जा सकता है। नगर वासियों को जाम की समस्या ने से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है लेकिन जाम की समस्या खत्म होने के बजाय और बढ़ रही है। इसी संबंध में यातायात निरीक्षक जीडी शुक्ला ने व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि बिना व्यापारियों के सहयोग से शहर जाम से मुक्त नहीं हो पाएगा इसलिए सभी व्यापारी शहर को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों के व्यापारी मिलकर 10–12 की संख्या में एक कमेटी बना ले। कमेटी में सभी क्षेत्रों के दो–दो व्यापारियों को शामिल किया जाए। जिस क्षेत्र में जाम की समस्या हो वहां के व्यापारी मिलकर इस समस्या का हल निकाले। लोगों को समझाएं कि अगर हम सही ढंग से अपनी गाड़ियों को खड़ा करें तो जाम ना लगे। यातायात निरीक्षक ने बाइक चालकों के लिए हेलमेट लगाने की बात पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारी खुद हेलमेट लगाकर बाइक चलाएं और लोगों को भी हेलमेट लगाकर बाइक चलाने के लिए जागरूक करें। इसके पश्चात यातायात निरीक्षक में सब्जी मंडी में सड़कों पर अवैध रूप से लगाई गई दुकानों को हटवाया। जो लोग दुकानों के बाहर पटरी पर अपनी दुकान लगाए हुए थे उनके सामानों को हटवाया और कहा कि सभी दुकानदार अपने सामानों को दुकान के अंदर ही रखें क्योंकि पटरी पर सामान रखने से जाम लगता है। इस दौरान कई दुकानदारों का चालान भी किया गया। व्यापारियों ने कहा कि भंडारी की ओर से आने वाली ई-रिक्स व कमर्शियल वाहनो को अटाला मस्जिद तरफ घुमाने की बात कही गई। यातायात प्रभारी ने कहा कि इस व्यवस्था को विचार विमर्श कर सोमवार से ट्रायल के रूप में रूट डायवर्जन किया जायेगा।



