- पुलिस ने दो को हिरासत में लेते हुए की कार्यवाही
जफराबाद। जफराबाद थाना क्षेत्र के पौना गांव में जमीनी विवाद को लेकर शनिवार को सुबह दो पक्ष आमने-सामने हो गए, विवाद बढ़ता देख सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को सुबह 9 बजे के करीब थाना क्षेत्र के पौना गांव के लाल साहब एवं त्यागी नाथ यादव के बीच जमीनी विवाद को लेकर झड़प व मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें सूचना पर मौके पर थाने के उप निरीक्षक अरविंद यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने एक पक्ष से त्यागी नाथ यादव एवं दूसरे पक्ष से लाल साहब को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष जफराबाद श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीनी विवाद को लेकर विवाद की स्थिति उतपन्न हुई थी। जिसमे दोनों पक्षों को दोबारा विवाद न करने की कड़ी हिदायत देते हुए विवाद कर रहे त्यागी नाथ यादव एवं लाल साहब को शांति भंग में पाबंद किया गया है।
कक्षा चार की छात्रा से छेड़छाड़, प्रधानाध्यापक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जौनपुर। महमदपुर पट्टी हुलास गांव के प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक रजनीश निषाद को कक्षा चार की एक छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गांव की एक छात्रा, जो कक्षा चार में पढ़ती है, दोपहर करीब एक बजे विद्यालय में प्रधानाध्यापक रजनीश निषाद के पास पहुंची और घर जाने के लिए छुट्टी मांगी।
आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने छात्रा का हाथ पकड़कर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं, जिससे वह असहज हो गई। छात्रा ने घर पहुंचकर अपने परिवार को इस घटना की जानकारी दी। परिवार की सूचना के बाद, गांव के कई लोग विद्यालय में एकत्रित हो गए। लोगों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और किसी तरह से उन्हें पुलिस थाने पहुंचाया गया। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने बताया कि आरोपित को थाने लाया गया और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना ने गांव में हड़कंप मचा दिया है और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। विद्यालय में पढ़ने वाली अन्य छात्राओं और उनके अभिभावकों ने भी इस मामले को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मांग की है कि इस तरह की घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। गांव के लोगों ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और प्रधानाध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपित को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में स्कूल में विरोध का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
पल्स पोलियो अभियान में छात्राओं का हुआ सम्मान
जौनपुर। शाहगंज में पल्स पोलियो अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली आरके इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग की छात्राओं को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सराहनीय प्रयासों की सराहना की गई। इन छात्राओं ने अभियान के दौरान घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने में मदद की। उन्होंने अभिभावकों को पोलियो के प्रति जागरूक करने और स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ समन्वय स्थापित करने में भी सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. रफीक फारूकी ने छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं के सेवाभाव, समर्पण और जागरूकता की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में संस्थान के अन्य शिक्षक और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित रहे।


