- कहा रोड नहीं तो वोट नहीं
सिकरारा। विकासखण्ड के ग्रामसभा लाजीपार स्थित चूड़ीहार बस्ती के लोगों ने खराब सड़क को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं और पुरुषों ने नारा लगाया ‘रोड नहीं तो वोट नहींÓ। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के सामने से पीडब्ल्यूडी की सड़क गुजरती है, जिस पर रोज़ाना सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं। सड़क की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि बड़े-बड़े गड्ढे और उभरे हुए डगर हादसों को न्यौता दे रहे हैं। अक्सर बाइक सवार गिरकर चोटिल हो जाते हैं। यह सड़क लाजीपार-बेलवा संपर्क मार्ग के रूप में जानी जाती है, जिसकी मरम्मत वर्षों से नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय नेता और प्रतिनिधि वादे तो करते हैं, लेकिन जीतने के बाद कोई सुध लेने नहीं आता। विरोध प्रदर्शन में नूर मोहम्मद चूड़ीहार, गफ्फार अली, बकरीदु, फातिमा बेगम, नूरजहां, कलीम, करिश्मा समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।



