मतदान दिवस 25 मई को मतदान हेतु रहेगा सार्वजनिक अवकाश
जौनपुर धारा,जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने अवगत कराया है कि अपर मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन अनुभाग, लखनऊ के क्रम में निगोशिएबुल इन्स्ट्रूमेन्ट एक्ट,1881 की धारा-25 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग का करते हुए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल द्वारा आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन तथा विधानसभ उप निर्वाचन-2024 से सम्बन्धित जनपद में निर्वाचन के प्रयोजन के लिये सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। शासन के उपरोक्त आदेश के अनुपालन में शनिवार 25 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है। उक्त आदेश कोषागार तथा उप कोषागार पर भी लागू होंगे।
पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे सरकी गांव के लोग
जौनपुर धारा, केराकत। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के सरकी गांव में पीने के पानी की समस्या ने गंभीर रूप धारण कर लिया है। पानी की कमी के कारण लोग बेहद परेशान हैं। इस समस्या से जूझ रहे एक दर्जन नागरिकों ने जिलाधिकारी से पेयजल की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई है।
प्रभावित इलाके के चंद्रभान सिंह ने बताया कि वे सभी पिछले एक महीने से पानी की कमी झेल रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांव के प्रधान से समस्या के समाधान के लिए कहा गया लेकिन वे रूचि नहीं ले रहे हैं। इसी गांव के अलगू प्रजापति और राजेश मौर्या ने बताया कि उन्हें पीने के लिए पानी बगल गांव से लाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के तालाब भी सूख गए हैं। जिससे पशुओं के लिए भी पानी की दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी के बिना बच्चों की पढ़ाई और घर के कामकाज सभी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन की त्वरित कार्यवाही से जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान होगा और उन्हें स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल मिल सकेगा।
समर्थकों के साथ अपना दल छोड़ ग्रहण की सपा की सदस्यता
जौनपुर धारा,जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की विशाल जनसभा में मल्हनी विधानसभा के बेलापर नौपेड़वाँ में दर्जनों लोगों ने अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ अपना दल छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं जिला अध्यक्ष राकेश मौर्य ने अपना दल छोड़कर के आए सभी साथियों को माला पहनाकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराकर उनका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में संजीत यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य, अशोक कुमार पटेल राकेश कुमार मौर्य, विनोद कुमार मौर्य, शंकर लाल पटेल, रमेश चंद्र विश्वकर्मा, अनिल कुमार पटेल, डॉ.कैलाशनाथ पाल, अमरनाथ पाल, अनिल कुमार प्रजापति, राजेश कुमार यादव, आर.एन.यादव के साथ सैंकड़ों समर्थको ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
बिजली के करेंट लगने से तीन झुलसे
जौनपुर धारा,मछलीशहर। छदान गांव में हैण्ड पम्प में दिए गए अर्थिंग में करेंट उतरने से उसकी चपेट में आने से तीन लोग झुलस गए हैं।
सावित्री (50)पत्नी राजकुमार, मनोरमा (35)पत्नी सुनील, नातिन शानू (14)पुत्री सुनील निवासी छदान थाना पवारा शुक्रवार को सुबह टुल्लू पंप से घर में पानी भरने के लिए उसे चालू करने गए थे। उसी समय हैंड पंप में दी गई अर्थिंग के तार में उतरे करेंट की चपेट में आने से झुलस गए।घटना की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस उक्त को लेकर मछलीशहर सी एच सी पहुंची, जहा तीनो को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
पीयू में सीएसई और आईटी के परीक्षा परिणाम घोषित
जौनपुर धारा,जौनपुर। वीरबहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में चलने वाले पाठ्यक्रम के परीक्षा परिणाम आने शुरू हो गए हैं। परीक्षा के 21 दिन बाद परीक्षा परिणाम घोषित करने के राज भवन के निर्देश का अक्षरशः पालन पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह कहा है कि हर हाल में परीक्षा परिणाम समय पर आ जाने चाहिए। विश्वविद्यालय में टेक्निकल सेल के प्रभारी डॉक्टर अमरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने सक्रियता के साथ सी.एस.ई. और इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी अंतिम वर्ष का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया है। मूल्यांकन की अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित की गई है। परीक्षा परिणाम घोषित करने वाली टीम में डॉ.धर्मेंद्र सिंह, सत्यम उपाध्याय, डॉ.प्रवीण सिंह, डॉ.अशोक यादव सह समन्वयक के रूप में हैं।



