जौनपुर। खेतासराय क्षेत्र के सोंगर गांव में मंगलवार को एक अधेड़ की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा लोहे की सरिया से जामुन तोड़ने के दौरान हाई टेंशन तार से सरिया छू जाने के दौरान होना बताया जा रहा है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
उक्त गांव निवासी 50 वर्षीय नासिर दोपहर में लोहे की सरिया से जामुन तोड़ रहे थे। जामुन के पेड़ के ऊपर से 11हजार लाइन का तार गुजरा है। जामुन तोड़ने के दौरान लोहे की सरिया तार से छू गया। सरिया में करंट उतर जाने से नासिर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों को कोहराम मच गया।
बढ़ी चोरी की वारदातों को रोकने नाकाम साबित हो रही पुलिस
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। जिसको लेकर इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। चोर घरों के साथ पंचायत भवन और विद्यालयों को निशाना बना रहे हैं। इलाके में हुई एक भी चोरी का खुलासा आज तक पुलिस नहीं कर पायी। जिससे चोरों का हौसला बढ़ता जा रहा है। पिछले हफ्ते चोरों ने कस्बा के बंजारेपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय, गौरा डिहवा स्थित प्राथमिक विद्यालय और कन्या जूनियर हाईस्कूल से एमडीएम के बर्तन, खेल सामग्री, खाद्यान्न और शौचालय में लगे दरवाजा तक उखाड़ ले गये थे। अभी बीते 15 मई की रात चोर धर्मापुर ब्लाक के गजना स्थित पंचायत भवन से कंप्यूटर, प्रिंटर, इंवर्टर और बैट्रा तक उठा ले गये थे। प्रधान प्रतिनिधि आशीष यादव का कहना है कि चोरी की सूचना पुलिस को दी गयी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके अलावा इलाके के कई गांवों में घरों को भी चोरों ने निशाना बनाया।
दो ट्रैक्टर की बैटरी चोरी
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के कबूलपुर स्थित एक बिल्डिंग मेटेरियल की दुकान पर खड़े दो ट्रैक्टरों की बैटरी सोमवार की रात को चोर उठा ले गए।घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है।
ऊक्त गांव में स्थित दुकान के कैम्पस में रात को दोनो ट्रैक्टर खड़े होते है। कैंपस की बाउंड्री के गेट पर ताला बंद करके दुकान मालिक सूरज मिश्र अपने घर चले गए। सुबह उनके यह काम करने वाला युवक जब दुकान पर पहुंचा तब वहां देखा कि गेट का ताला खुला है। अंदर दोनो ट्रैक्टर की बैटरी चोर उठा ले गए है। उसने घटना की सूचना तत्काल सूरज मिश्र को दिया। वे दुकान पर आकर चोरी की खबर पुलिस को दिए। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी।
ट्रेलर चालक 820 बोरी सीमेंट बेचकर हुआ फरार
आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के गोडहरा गांव में बरामद हुआ खाली ट्रेलर
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बाघंदरा गांव निवासी नीरज यादव अपना निजी टेलर रखकर भाड़े पर चलवाते है। ट्रेलर का चालक रवि पाल निवासी केराकत जौनपुर उक्त टेलर को चलाता है।
आरोप है कि 17जून को प्रयागराज से टेलर पर 820बोरी सीमेंट लोड कर रवि पाल बिहार के लिए चला था। गंतव्य तक ना पहुंच पाने पर जब वहां के व्यापारी ने नीरज यादव से फोन पर संपर्क किया तो नीरज यादव ने रवि पाल की खोजबीन शुरू की जिस पर उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसी बीच बरदह थाना क्षेत्र के गोडहरा बाजार में खड़े लावारिस टेलर की सूचना पर पुलिस ने कब्जे में लेकर छानबीन की तो पता चला वह का ट्रेलर नीरज यादव का है। नीरज यादव की तहरीर पर केराकत कोतवाली में रवि पाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अज्ञात कार की चपेट में आने से बाइक चालक बुजुर्ग घायल
मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के जंघई मार्ग पर मंगलवार को अपराह्न करीब 3बजे मंडी समिति के सामने एक अज्ञात कार की टक्कर में बाइक चालक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रतापगढ़ जिले के पृथ्वीगंज निवासी 75वर्षीय बालगोविंद पुत्र गजोधर अपने बाइक से मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के गरियांव रिश्तेदारी जा रहा था। जैसे ही इसकी बाइक जंघई मार्ग पर मंडी समिति के पास पहुंची पीछे से आ रही अज्ञात कार ने साइड मार दिया, और बुजुर्ग बाइक समेत दूर जाकर गिरा। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने एंबुलेंस के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देख चिकित्सक ने बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मुंगराबादशाहपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात कार की टक्कर से बाइक चालक बुजुर्ग घायल हो गया जिसे सीएचसी में दाखिल कराया गया है।
सड़क दुर्घटना में अधेड़ की मौत
जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के शांति नगर बजार के पास दोपहर सड़क दुर्घटना में अधेड़ की मौत हो गयी। मिली जानकारी के अनुसार घनश्याम चौरसिया 48वर्ष पुत्र राम कुमार चौरसिया निवासी राजाऊमरी थाना चांदा तहसील लंभुआ सुल्तानपुर मंगलवार दोपहर बेलवार की तरफ से सुजानगंज की तरफ जा रहे थे कि शांति नगर बजार के पास किसी वाहन से टकरा कर घायल हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा सीएससी सुजानगंज पहुंचाया गया। चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिए। पुलिस को सूचना दी गई पुलिस शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गये थे।


